April 30, 2026

मैनचेस्टर T20I में इंग्लैंड ने रचा इतिहास, दुनिया की तीसरी टीम बनी 300+ रन बनाने वाली

इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे T20I मैच में इंग्लिश बल्लेबाजों ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो अब तक क्रिकेट इतिहास में केवल दो टीमों ने ही किया था। मैनचेस्टर में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ दो विकेट खोकर 304 रन ठोक डाले। इसके साथ ही इंग्लैंड फुल मेंबर नेशन के खिलाफ 300 से ज्यादा का स्कोर बनाने वाली दुनिया की पहली टीम और ओवरऑल तीसरी टीम बन गई। इस रिकॉर्ड से पहले जिम्बाब्वे ने 2024 में गाम्बिया के खिलाफ 344/4 और नेपाल ने 2023 में मंगोलिया के खिलाफ 314/3 रन बनाए थे।

इंग्लैंड की इस ऐतिहासिक पारी की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। ओपनर फिल सॉल्ट और कप्तान जोस बटलर ने पावरप्ले में ही साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों को चारों खाने चित कर दिया। दोनों ने केवल 6 ओवर में 100 रन जोड़ दिए और इंग्लैंड को एक मजबूत आधार दिला दिया। खास बात यह रही कि टीम ने सिर्फ 5.5 ओवर में ही 100 रन पूरे कर लिए। इसके साथ इंग्लैंड फुल मेंबर नेशन के खिलाफ सबसे तेज सैकड़ा लगाने वाली टीम बन गई। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के 2023 में बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी की, जब कैरेबियाई टीम ने 5.3 ओवर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 100 रन पूरे किए थे।

इस मैच के असली हीरो रहे फिल सॉल्ट, जिन्होंने सिर्फ 60 गेंदों में नाबाद 141 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 15 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। वहीं, कप्तान जोस बटलर ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी और 30 गेंदों पर 83 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। दोनों की साझेदारी ने इंग्लैंड को ऐसा स्कोर बनाने में मदद की, जिसे पाना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं था।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम पूरी तरह दबाव में दिखी। इंग्लिश गेंदबाजों के सामने उनकी बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम 16.1 ओवर में महज 158 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर सबसे सफल साबित हुए और उन्होंने 3 विकेट झटके। उनके अलावा सैम करन, लियाम डॉसन और विल जैक्स ने भी 2-2 विकेट लेकर साउथ अफ्रीका की कमर तोड़ दी।

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में शानदार वापसी की और साथ ही क्रिकेट इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया। 300 से ज्यादा रन बनाना किसी भी टीम के लिए असंभव सा लगता था, लेकिन इंग्लैंड ने यह मिथक तोड़ते हुए दिखा दिया कि T20 क्रिकेट में अब कुछ भी संभव है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!