इंग्लैंड बनाम साउथ अफ्रीका: फिल सॉल्ट का तूफानी शतक, रोहित शर्मा के रिकॉर्ड पर खतरा
इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे टी20 मैच में इंग्लिश बल्लेबाज फिल सॉल्ट पूरी तरह छा गए। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों पर शतक जड़कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। सॉल्ट इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड लियाम लिविंगस्टोन के नाम था, जिन्होंने 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ 42 गेंदों पर शतक बनाया था।
फिल सॉल्ट की पारी सिर्फ शतक तक ही सीमित नहीं रही। उन्होंने 60 गेंदों पर नाबाद 141 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 8 छक्के शामिल थे। यह पारी इंग्लैंड की ओर से टी20आई क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी साबित हुई। इसके साथ ही सॉल्ट ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और सूर्यकुमार यादव की बराबरी करते हुए अपने टी20आई करियर का चौथा शतक पूरा किया। अब वह रोहित शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल के पांच-पांच शतकों वाले महारिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।
सॉल्ट की पारी के दम पर इंग्लैंड ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 304 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह फुल मेंबर नेशन के खिलाफ टी20आई इतिहास में 300 से ज्यादा का स्कोर बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम पूरी तरह बिखर गई और 158 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट झटके।
फिल सॉल्ट की यह नाबाद पारी टी20आई क्रिकेट की सातवीं सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी रही। साथ ही यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है। उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इंग्लैंड की इस जीत से न केवल सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है बल्कि क्रिकेट फैंस को यह भी लगने लगा है कि आने वाले समय में सॉल्ट रोहित शर्मा और मैक्सवेल के रिकॉर्ड की बराबरी ही नहीं बल्कि उन्हें पीछे भी छोड़ सकते हैं।
Share this content:
