Bigg Boss 19: नेहल चुडासमा के आरोपों के बाद भावुक हुए अमाल मलिक, तान्या मित्तल बनीं सहारा
रियलिटी शो बिग बॉस 19 इस समय जबरदस्त सुर्खियों में है। सलमान खान के होस्ट किए इस सीजन की थीम है – घरवालों की सरकार, जहां सत्ता और ताकत के लिए घरवाले लगातार रणनीति और मुकाबले में लगे हुए हैं। लेकिन हालिया एपिसोड में घर का माहौल अचानक गर्म हो गया, जब एक टास्क के दौरान म्यूजिक कंपोज़र अमाल मलिक पर मॉडल नेहल चुडासमा ने गलत तरह से छूने का आरोप लगा दिया।
कप्तानी टास्क के लिए घर को रेड और ब्लू टीम में बांटा गया था। रेड टीम में अमाल मलिक के साथ अभिषेक बजाज, तान्या मित्तल, मृदुल तिवारी, आवेज दरबार, अशनूर कौर, प्राणित मोरे और फरहाना भट थे। दूसरी ओर ब्लू टीम में नेहल चुडासमा, बसीर अली, नीलम गिरी, नगमा मिराजकर, ज़ीशान क़ादरी और शहबाज बदेशा थे। टास्क के पहले राउंड में रेड टीम से अमाल और अभिषेक उतरे तो ब्लू टीम से नेहल और बसीर। इसी दौरान विवाद की शुरुआत हुई।
दरअसल, टास्क के दौरान नेहल फर्श पर लेटी थीं और अमाल उन्हें हटाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनका हाथ गलती से नेहल को छू गया। नेहल ने तुरंत इस पर आपत्ति जताई और अमाल पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया। नेहल का आरोप सुनकर घरवाले सकते में रह गए और घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस आरोप से अमाल पूरी तरह टूट गए। उन्होंने बार-बार सफाई दी कि उनकी नीयत गलत नहीं थी और यह सब टास्क के दौरान गलती से हुआ। अपनी बात को साबित करने के लिए अमाल ने भावुक होकर यहां तक कहा कि उन्हें अपनी पेट डॉग की कसम है कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया। उनकी आंखों में आंसू थे और वे बार-बार खुद को बेगुनाह बताने की कोशिश कर रहे थे।
इस मुश्किल वक्त में तान्या मित्तल अमाल का सबसे बड़ा सहारा बनीं। उन्होंने न सिर्फ अमाल को संभाला बल्कि उन्हें हौसला भी दिया। तान्या ने एक कहानी सुनाकर अमाल को समझाया कि सच्चाई हमेशा जीतती है और धैर्य रखने वाले ही मजबूत कहलाते हैं। तान्या की ये बातें सुनकर अमाल को काफी राहत मिली और उनका मन शांत हुआ। तान्या इस दौरान उनके आंसू पोंछती भी दिखीं, जिससे घर में एक इमोशनल पल देखने को मिला।
हालांकि विवाद और आरोपों के बावजूद घरवालों ने अमाल मलिक को कप्तान बनाने का फैसला किया। यह दिखाता है कि ज्यादातर घरवालों ने उनकी सफाई और इमोशनल रिएक्शन को सच्चा माना। बिग बॉस 19 का यह एपिसोड न सिर्फ ड्रामा से भरपूर रहा बल्कि इसने यह भी दिखाया कि आरोप और भावनाएं कैसे घर के समीकरण बदल सकते हैं।
Share this content:
