लखनऊ: बहन की लव मैरिज से नाराज भाइयों ने बहनोई की हत्या, दो गिरफ्तार, तीन फरार
लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दो भाइयों ने अपनी ही बहन की लव मैरिज से नाराज होकर उसके पति की बेरहमी से हत्या कर दी। यह मामला ऑनर किलिंग का ताज़ा उदाहरण बनकर उभरा है। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म कबूल भी कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रायभानखेड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय शनी रावत ने करीब डेढ़ साल पहले निगोहां निवासी युवती से लव मैरिज की थी। हालांकि युवती के परिवार को यह रिश्ता बिल्कुल मंजूर नहीं था। शादी के बाद जब युवती ने बच्चे को जन्म दिया, तो भाइयों की नाराजगी और बढ़ गई। बताया जा रहा है कि तभी से वे शनी की हत्या की साजिश रच रहे थे।
8 सितंबर को योजना के तहत शनी रावत को फोन कर देशी शराब के ठेके के पास बुलाया गया। वहां पहुंचते ही उसे स्कॉर्पियो में बैठाया गया और लोहे की रॉड से कई बार हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद उसे सिसेंडी मार्ग स्थित गौतमखेड़ा नाले पर ले जाया गया, जहां आरोपियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि उसकी मौत हो चुकी है, दोबारा रॉड से सिर पर कई वार किए। शनी का शव नाले में फेंक दिया गया ताकि कोई सबूत न बचे।
इस मामले में 9 सितंबर को मृतक के पिता ने थाने में तहरीर दी थी। इसके बाद निगोहां पुलिस, सर्विलांस और अन्य टीमों ने मिलकर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर 11 सितंबर को मुख्य आरोपी देवेश यादव उर्फ बोग्गा और संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक देवेश ने बताया कि बहन की लव मैरिज और बच्चे के जन्म ने परिवार की ‘इज्जत’ को ठेस पहुंचाई थी, इसलिए हत्या को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो, लोहे की रॉड और गमछा बरामद कर लिया है। हालांकि इस मामले में शामिल अन्य आरोपी जीतू यादव, राजकपूर और जय सिंह यादव उर्फ कल्लू अभी फरार हैं। पुलिस की कई टीमें लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उन पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों को जेल भेज दिया गया है।
Share this content:
