May 2, 2026

60 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में फंसे शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा, पुलिस कर सकती है लुकआउट नोटिस जारी

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उनके खिलाफ 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि कपल ने एक व्यापारी से बड़ी रकम बिजनेस में निवेश करवाने के नाम पर ली, लेकिन बाद में उस राशि का इस्तेमाल निजी खर्चों में किया गया। अब EOW इस मामले में तेजी से जांच आगे बढ़ा रही है और दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की तैयारी कर रही है।

यह पूरा मामला दीपक कोठारी नामक व्यापारी की शिकायत से जुड़ा है। कोठारी का दावा है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की कंपनी Best Deal TV Pvt. Ltd. में 60 करोड़ से ज्यादा का निवेश किया। यह कंपनी मुख्य रूप से एक ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म चलाती थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस दौरान जब कंपनी को 75 करोड़ रुपये की आवश्यकता पड़ी, तो टैक्स बचाने के लिए लोन को इनवेस्टमेंट में बदल दिया गया। कोठारी के मुताबिक अप्रैल 2016 में खुद शिल्पा शेट्टी ने पर्सनल गारंटी दी थी कि उनका पैसा लौटाया जाएगा, लेकिन बाद में उन्होंने कंपनी से इस्तीफा दे दिया और कंपनी दिवालिया हो गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस पूरी अवधि में कोठारी को लगातार गुमराह किया गया और 9 सालों तक उन्हें उनके पैसे नहीं लौटाए गए। अब EOW ने आईपीसी की धारा 403, 406 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह जांच रही है कि कोठारी द्वारा लगाए गए निवेश का इस्तेमाल आखिर कहां और किस तरह किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कपल के खिलाफ आगे की कार्रवाई में उनके ट्रैवल रिकॉर्ड की जांच भी शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि जरूरत पड़ने पर शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो दोनों की विदेश यात्राओं पर रोक लग जाएगी और देश से बाहर निकलने में उन्हें कठिनाई होगी।

इस मामले ने न केवल शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा की छवि पर असर डाला है बल्कि बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी हलचल मचा दी है। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच किस नतीजे तक पहुंचती है और इस हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी केस में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!