April 17, 2026

मुंबई: शिवसेना (यूबीटी) ने पीएम मोदी के विदेश दौरे पर साधा निशाना, सामना में उठाए विदेश नीति पर सवाल

नरेंद्र मोदी के हाल ही में हुए जापान और चीन दौरे पर शिवसेना (यूबीटी) ने कड़ा हमला बोला है। पार्टी के मुखपत्र सामना में प्रकाशित लेख में लिखा गया कि मोदी लगातार विदेश यात्राओं में करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं, जबकि देश की हालत खराब है। संपादकीय में आरोप लगाया गया कि पीएम मोदी को स्वदेश की समस्याओं से ज्यादा विदेश दौरों की चिंता रहती है।

 

लेख में कहा गया कि मोदी की विदेश नीति अभी भी “रेंग रही है” और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में भारत की विदेश रणनीति कमजोर पड़ चुकी है। सामना ने पीएम मोदी की जापान और चीन यात्राओं पर सवाल उठाते हुए लिखा कि विदेशों में प्रवासी भारतीयों के जयकारे भारत की असली तस्वीर नहीं दिखाते। देश के भीतर लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था दोनों कमजोर हो चुके हैं, जबकि सरकार विदेशों में अपनी छवि चमकाने में जुटी है।

 

सामना ने पीएम मोदी की यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर हुई बातचीत पर भी कटाक्ष किया। पत्र में कहा गया कि जब रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म नहीं हुआ, ऐसे समय में मोदी की शांति की सलाह का कोई महत्व नहीं है। इसी तरह चीन दौरे को लेकर भी सवाल उठाए गए कि सीमा विवाद और घुसपैठ पर प्रधानमंत्री चीन को सख्त संदेश देने में नाकाम रहे हैं।

 

लेख में आर्थिक मोर्चे पर भी मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया गया। इसमें कहा गया कि डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी, विदेशी मुद्रा भंडार की गिरावट और महंगाई से आम जनता परेशान है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं पर जनता का पैसा खर्च कर रहे हैं। लेख के अंत में लिखा गया कि मोदी को विदेशी दौरों की लत छोड़कर स्वदेश की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और ठोस विदेश नीति अपनानी चाहिए।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!