1 अक्टूबर से HDFC Bank में लागू होंगे नए नियम, Imperia ग्राहकों के लिए कड़ी होंगी शर्तें
अगर आप HDFC Bank के ग्राहक हैं तो आपके लिए अहम खबर है। बैंक ने अपनी प्रीमियम पेशकश Imperia Program के लिए नए नियमों की घोषणा की है, जो 1 अक्टूबर 2025 से लागू होने जा रहे हैं। बैंक ने साफ किया है कि 30 जून 2025 या उससे पहले Imperia प्रोग्राम का हिस्सा बन चुके ग्राहकों पर भी ये नए नियम लागू होंगे। यानी पुराने और नए सभी ग्राहकों को इन बदलावों का पालन करना होगा।
HDFC Bank ने Imperia ग्राहकों के लिए Total Relationship Value (TRV) का नया मानक तय किया है। अब इस प्रोग्राम का हिस्सा बनने या बने रहने के लिए ग्राहक और उनके परिवार के खातों को मिलाकर कम से कम 1 करोड़ रुपये की TRV होना जरूरी होगा। इसमें सिर्फ सेविंग्स अकाउंट ही नहीं बल्कि करेंट अकाउंट, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय सेवाएं भी शामिल होंगी। अगर किसी ग्राहक ने 1 जुलाई 2025 के बाद Imperia स्टेटस लिया है या उसका स्टेटस अपग्रेड या डाउनग्रेड हुआ है, तो उस पर पहले से ही यह नियम लागू हैं।
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि TRV का मानक न पूरा करने पर भी ग्राहक कुछ अन्य शर्तों के आधार पर Imperia बने रह सकते हैं। जैसे अगर किसी के करेंट अकाउंट में औसत तिमाही बैलेंस 15 लाख रुपये है, या सेविंग्स अकाउंट में औसत मासिक बैलेंस 10 लाख रुपये है, तो वह प्रोग्राम का हिस्सा बना रहेगा। इसके अलावा, सेविंग्स, करेंट और फिक्स्ड डिपॉजिट मिलाकर 30 लाख रुपये का औसत मासिक बैलेंस बनाए रखने वालों को भी यह सुविधा जारी रहेगी। वहीं HDFC कॉर्पोरेट सैलरी अकाउंट में हर महीने 3 लाख रुपये या उससे ज्यादा की सैलरी आने पर भी ग्राहक Imperia का लाभ उठा सकते हैं।
Imperia ग्राहकों को बैंक कई तरह की प्रीमियम सुविधाएं बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के उपलब्ध कराता है। इनमें किसी भी ब्रांच से फ्री फंड ट्रांसफर, चेक रोकने का निर्देश, डुप्लीकेट स्टेटमेंट या पुराने रिकॉर्ड की मांग, इंटरेस्ट और बैलेंस सर्टिफिकेट, सिग्नेचर अटेस्टेशन और एड्रेस कन्फर्मेशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यही कारण है कि यह प्रोग्राम बैंक की सबसे लोकप्रिय प्रीमियम सेवाओं में गिना जाता है।
नए नियम लागू होने से जहां Imperia ग्राहकों के लिए शर्तें कड़ी हो गई हैं, वहीं बैंक का मानना है कि इससे ग्राहकों के साथ उसका रिलेशन और मजबूत होगा। HDFC Bank लगातार अपने प्रीमियम ग्राहकों को बेहतर और सुरक्षित बैंकिंग अनुभव देने पर जोर दे रहा है। अब देखना यह होगा कि 1 अक्टूबर से नियम लागू होने के बाद कितने मौजूदा ग्राहक इस प्रोग्राम का हिस्सा बने रह पाते हैं और कितने को बाहर होना पड़ता है।
Share this content:
