April 17, 2026

Akshay Kumar: 3 साल की कोशिशें नाकाम, अक्षय कुमार की इस फिल्म पर लगा ताला, मेकर्स ने चली नई चाल!

अक्षय कुमार बॉलीवुड में ऐसे स्टार माने जाते हैं, जो हर साल कई फिल्मों के जरिए दर्शकों के सामने आते हैं। बीते कुछ सालों में वह लगातार अपनी पुरानी हिट फिल्मों के सीक्वल पर काम कर रहे हैं। इन्हीं में से एक था उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म राउडी राठौर का दूसरा पार्ट। लेकिन अब इस फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि राउडी राठौर 2 बनने से पहले ही ठंडे बस्ते में डाल दी गई है। तीन साल तक चली चर्चा और कोशिशों के बाद मेकर्स ने आखिरकार इस प्रोजेक्ट को ड्रॉप करने का फैसला किया है।

दरअसल, रॉनी स्क्रूवाला की यूटीवी मोशन पिक्चर्स के बाद, इस फिल्म के सीक्वल के ऑफिशियल राइट्स संजय लीला भंसाली और डिज्नी इंडिया के पास थे। लेकिन दोनों ही पक्ष इसे मंजूरी देने में लगातार असमर्थ रहे। लंबे समय से ये प्रोजेक्ट अधर में लटका रहा और आखिरकार अब इस पर पूरी तरह से ताला लग गया है। मेकर्स ने साफ कर दिया है कि इस फिल्म का दूसरा पार्ट अब नहीं बनाया जाएगा।

हालांकि, पूरी तरह से कहानी को छोड़ने के बजाय, मेकर्स ने नई चाल चली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शबीना खान और संजय लीला भंसाली ने वी. विजयेंद्र प्रसाद द्वारा लिखी गई स्क्रिप्ट को राउडी राठौर टैग से हटाकर एक नई एंटरटेनिंग फिल्म के रूप में पेश करने का फैसला लिया है। यानी फिल्म की कहानी का मूल ढांचा वही रहेगा, लेकिन इसे सीक्वल की बजाय एक बिल्कुल नए पुलिस ड्रामा के रूप में तैयार किया जाएगा।

इस फिल्म में वही मसालेदार एक्शन और मनोरंजन का तड़का होगा, जिसने 2012 में राउडी राठौर को सुपरहिट बनाया था। उस फिल्म ने अक्षय कुमार को फ्लॉप फिल्मों की सीरीज से बाहर निकालकर फिर से बॉलीवुड के टॉप स्टार्स की लिस्ट में पहुंचा दिया था। अब मेकर्स चाहते हैं कि इस नए प्रोजेक्ट में भी वही एंटरटेनमेंट क्वालिटी बरकरार रहे, लेकिन नए अंदाज में।

इस नई फिल्म का डायरेक्शन मशहूर तमिल फिल्ममेकर पी.एस. मिथ्रन करेंगे, जिन्हें इरुम्बु थिराई (2018), हीरो (2019) और सरदार (2022) जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। उम्मीद की जा रही है कि 2026 की शुरुआत में इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। अक्षय कुमार के फैंस भले ही राउडी राठौर 2 के ठंडे बस्ते में जाने से निराश हों, लेकिन नई पुलिस ड्रामा फिल्म उनके लिए एक बड़ा तोहफा साबित हो सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!