May 3, 2026

बैतूल: रायपुर से ट्रेन से निकली युवती ज्योति लापता, तीन दिन से परिजन कर रहे तलाश

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की रहने वाली 20 वर्षीय ज्योति तीन दिन से लापता है। वह रायपुर से ट्रेन पकड़कर घर लौट रही थी, लेकिन रास्ते में उसका कोई सुराग नहीं मिला। इससे पहले कटनी की अर्चना तिवारी के लापता होने का मामला सुर्खियों में रहा था, हालांकि उसे पुलिस ने ढूंढ लिया था।

 

जानकारी के अनुसार, आठनेर थाना क्षेत्र के खेरवाड़ा गांव की रहने वाली ज्योति रायपुर में एक निजी कंपनी में काम करती थी और हॉस्टल में रह रही थी। रविवार सुबह उसने भाई को फोन कर बताया था कि वह ट्रेन से बैतूल के लिए रवाना हो रही है। दोपहर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और तब से परिवार का संपर्क टूट गया। परिजन ने सहेलियों से भी पूछताछ की, जिन्होंने पुष्टि की कि युवती घर लौटने के लिए ट्रेन से निकली थी।

 

मोबाइल बंद रहने और कोई पता न चलने पर परिवार ने मंगलवार शाम आठनेर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और रेलवे स्टेशन व आसपास के इलाकों में तलाश की जा रही है। तीन दिन बाद भी कोई खबर न मिलने से परिजन चिंता में डूबे हैं और तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!