May 3, 2026

मुंबई में बारिश से हालात गंभीर, मीठी नदी ने घेरा रिहायशी इलाके, NDRF ने संभाली कमान

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी है। मौसम विभाग ने आज मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इसके चलते महानगर के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद कर दिए गए हैं। नागरिकों को घरों में रहने और अनावश्यक बाहर जाने से बचने की चेतावनी दी गई है।

शहर के बीच से बहने वाली मीठी नदी ने अपने रौद्र रूप से कई रिहायशी इलाकों को घेर लिया है। कुर्ला के क्रांति नगर और आसपास के क्षेत्रों में नदी का पानी घरों में घुस गया है। जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है, जिससे मुंबई पुलिस, नगर निगम और एनडीआरएफ की टीमें प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रही हैं।

बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि साकी नाका और बैलबाजार के आसपास के इलाके खाली कराए जा रहे हैं। विशेष रूप से मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास क्रांति नगर के निवासियों को पास के मगन नाथूराम म्युनिसिपल स्कूल में बनाए गए अस्थायी आश्रय स्थल में स्थानांतरित किया जा रहा है। सुबह 10 बजे तक 25 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जहाँ रहने और खाने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

आईएमडी के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 5:30 बजे तक मुंबई के विभिन्न उपनगरों में रिकॉर्ड बारिश हुई है। विक्रोली में सबसे अधिक 194.5 मिलीमीटर, सांताक्रूज में 185 मिलीमीटर और जुहू में 173.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसी दौरान समुद्र में 3.75 मीटर ऊँची लहरें उठने का अनुमान भी था।

भारी बारिश के कारण दादर, माटुंगा, परेल और सायन के निचले इलाकों में रेलवे पटरियों पर जल-जमाव की खबरें सामने आई हैं। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने कहा कि पानी पटरी के स्तर से नीचे था, इसलिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं। इसके बावजूद ट्रेनें देरी से चलीं और कई सड़कों तथा हाईवे पर जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही भी धीमी रही।

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में 21 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और घाटी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही मराठवाड़ा क्षेत्र में भी छिटपुट भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने और बचाव के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!