मुरादाबाद में हनीट्रैप गैंग का भंडाफोड़: यूपी पुलिस का जवान भी शामिल
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में हनीट्रैप कर रंगदारी वसूलने वाले एक गैंग का पर्दाफाश हुआ है। थाना कटघर पुलिस ने इस गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गैंग में एक सक्रिय यूपी पुलिस जवान भी शामिल था, जिसने रंगदारी वसूलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पीड़ित ने थाना कटघर में तहरीर दी कि कुछ लोग उसे हनीट्रैप में फंसाकर और झूठे बलात्कार के मुकदमे की धमकी देकर उससे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। जांच में पता चला कि पहले ही 35 हजार रुपये वसूले जा चुके थे। मामला गंभीर होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मुखबिर की मदद से आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में मो. फैसल पुत्र हनीफ (रहमत नगर, कटघर), मिर्जा रिजवान बैग पुत्र मिर्जा जमाअत बैग (शाहाबाद, रामपुर), यूपी पुलिस का जवान रामपुर निवासी और इकरा पत्नी फरजन अली (कटघर) शामिल हैं। वहीं, चौथा आरोपी बाबर पुत्र शहजादे आलम अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जांच में यह भी सामने आया कि फैसल ने वसूले गए 35 हजार रुपये में से 14,000 रुपये हेड कांस्टेबल रिजवान के एसबीआई खाते में ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने आरोपी फैसल से 8,000 रुपये और इकरा से 2,500 रुपये नकद बरामद किए। यह गैंग संगठित तरीके से काम करता था और जाल में फंसा कर बड़ी रकम ऐंठता था।
कटघर थाना पुलिस टीम, जिसमें उपनिरीक्षक विनीत कुमार, उपनिरीक्षक वीरबोस, हेड कांस्टेबल विकास, कांस्टेबल अंचुल तोमर, कांस्टेबल भारत और महिला कांस्टेबल शीतल शामिल थे, की तत्परता की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश और गैंग के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।
Share this content:
