Rahul Gandhi Bihar Yatra: दूसरे दिन सूर्य मंदिर से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा, जानें पूरा शेड्यूल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य वोट चोरी और बिहार की SIR (वोटर लिस्ट रीविजन) को लेकर चुनाव आयोग और बीजेपी पर सवाल उठाना है। राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव और अन्य लेफ्ट पार्टियों के नेता भी यात्रा में शामिल हैं।
यात्रा का दूसरा दिन औरंगाबाद से गयाजी तक निर्धारित है। सुबह 8 बजे यात्रा की शुरुआत हुई और देव रोड, अम्बा-कुटुंबा तेलहरा, पातालगंगा और पुराना थाना मोड़ होते हुए देव सूर्य मंदिर पहुँची। सुबह 9:30 बजे नेता सूर्य मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे यात्रा फिर शुरू होकर गुरारू, बगडीहा मोड़, अहियापुर रोड और दाउदनगर-गया रोड से होते हुए पंचानपुर, केवली और दिल्ली ओवरब्रिज से गुजरेगी।
शाम 6:30 बजे राहुल गांधी और अन्य नेता जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद 7:30 बजे खलिश पार्क, गया में पहुंचकर जनता को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी ने इस यात्रा को 16 दिन की लंबी यात्रा बताते हुए कहा कि यह 25 जिलों और 1,300 किलोमीटर की दूरी को कवर करेगी। उनका कहना है कि यह “एक व्यक्ति, एक वोट” के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा की लड़ाई है।
यात्रा का आरंभ 17 अगस्त को सासाराम से हुआ था। उस दिन पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव भी उपस्थित रहे और उन्होंने बीजेपी पर तीखा हमला किया। राहुल गांधी ने जनसभा में कहा कि बीजेपी-आरएसएस देश में संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट में अचानक 1 करोड़ नए वोटर जोड़ दिए गए।
यात्रा का शेड्यूल 30 अगस्त तक चलेगा और इसमें बिहार के 25 जिलों को कवर किया जाएगा। 1 सितंबर को पटना में इस यात्रा का समापन होगा। यात्रा के दौरान राहुल गांधी और उनके साथियों का मकसद जनता के बीच जाकर वोटर अधिकार की सुरक्षा और लोकतंत्र की जागरूकता बढ़ाना है।
Share this content:
