मीटिंग से पहले ट्रंप का जेलेंस्की को दो टूक संदेश, कहा- यूक्रेन नाटो में शामिल नहीं हो सकता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन नाटो का सदस्य नहीं बन सकता और क्रीमिया उसे कभी वापस नहीं मिलेगा। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अगर जेलेंस्की चाहें तो रूस के साथ युद्ध तुरंत खत्म कर सकते हैं, लेकिन फैसला उन्हीं को लेना होगा कि वे लड़ाई जारी रखना चाहते हैं या नहीं।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भी क्रीमिया को वापस नहीं ले पाए थे और अब भी यह संभव नहीं है। ट्रंप ने दोहराया कि यूक्रेन का नाटो में शामिल होना अवास्तविक है और इसी वजह से शांति की दिशा में जेलेंस्की को कदम बढ़ाना चाहिए।
यह बयान ऐसे समय आया है जब आज वॉशिंगटन में अमेरिका, यूरोप और यूक्रेन के बीच अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए संभावित समझौते पर चर्चा होगी। बैठक में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, नाटो महासचिव मार्क रूटे, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर भी शामिल होंगे।
इससे पहले 15 अगस्त को ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अलास्का में मुलाकात की थी। उस मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा था कि युद्धविराम की कोशिशें आगे बढ़ी हैं, लेकिन अभी शांति समझौते की राह लंबी है। उन्होंने दावा किया था कि पुतिन बातचीत के लिए तैयार हैं और अब असली फैसला जेलेंस्की को करना है।
व्हाइट हाउस के मुताबिक, अलास्का से लौटते वक्त ट्रंप ने जेलेंस्की के साथ लंबी बातचीत की और नाटो नेताओं से भी संपर्क साधा। ट्रंप और जेलेंस्की की आखिरी मुलाकात इस साल जून में नाटो समिट के दौरान हुई थी, जब दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखी गई थी। अब वॉशिंगटन में होने वाली यह बैठक रूस-यूक्रेन युद्ध के भविष्य को तय करने में अहम साबित हो सकती है।
Share this content:
