पहले राउंड में ट्रंप पर भारी पड़े पुतिन! पर्दे के पीछे रहकर इन 5 लोगों ने दिलाई ‘जीत’
अलास्का में अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बहुप्रतीक्षित बैठक भले ही किसी बड़े समझौते के बिना खत्म हो गई, लेकिन जिस तरह पुतिन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बढ़त बनाई, उसने सबका ध्यान खींचा। करीब तीन घंटे चली क्लोज़-डोर बातचीत के बाद जब दोनों नेता मीडिया के सामने आए, तो पुतिन लगभग 9 मिनट तक विस्तार से बोले, जबकि ट्रंप मुश्किल से 3 मिनट 20 सेकंड ही बोले। इस असमानता ने साफ कर दिया कि पहले राउंड में पुतिन ट्रंप से ज्यादा तैयार होकर आए थे।
दरअसल, पुतिन की यह तैयारी अकेले की नहीं थी, बल्कि इसके पीछे उनकी डेलीगेशन टीम के पांच धुरंधर दिमाग काम कर रहे थे। इन पाँच लोगों ने रणनीति, कूटनीति और आर्थिक समीकरणों को इस तरह साधा कि पुतिन एक मजबूत और आत्मविश्वासी नेता के रूप में सामने आए। वहीं, ट्रंप टीम से वैसी तैयारी झलकती नहीं दिखी, जिसकी वजह से उनका प्रभाव कमजोर नजर आया।
सबसे पहले नाम आता है सर्गेई लावरोव का, जो रूस के विदेश मंत्री और पुतिन की विदेश नीति के असली रणनीतिकार माने जाते हैं। वे लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय मंच पर रूस का चेहरा बने हुए हैं और पश्चिमी देशों को घेरने के अपने अंदाज के लिए मशहूर हैं। दूसरा नाम है किरिल दिमित्रिएव का, जो रूस की आर्थिक कूटनीति के ‘डील मेकर’ कहे जाते हैं। पश्चिमी प्रतिबंधों के बीच भी रूस को टिकाए रखने में उनकी भूमिका बेहद अहम रही है।
तीसरे बड़े खिलाड़ी हैं आंद्रे बेलोउसॉव, जिन्हें पुतिन ने अर्थशास्त्री से रक्षा मंत्री बनाया ताकि युद्ध के दौरान सैन्य और आर्थिक रणनीतियों का बेहतर संतुलन बैठाया जा सके। चौथे नाम एंटोन सिलुआनोव का है, जो रूस के वित्त मंत्री हैं और युद्धकालीन अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने के लिए पुतिन के सबसे भरोसेमंद साथी माने जाते हैं। वहीं पांचवां और सबसे महत्वपूर्ण नाम है यूरी उशाकोव, जो लंबे समय से पुतिन के विदेश नीति सलाहकार हैं और बैकस्टेज कूटनीति के मास्टर कहे जाते हैं।
इन्हीं पाँच लोगों की सूझबूझ और रणनीतिक ताकत का असर अलास्का समिट में दिखा, जहाँ पुतिन ने न सिर्फ खुद को मजबूत नेता के तौर पर पेश किया बल्कि यह भी जताया कि रूस किसी भी सूरत में अंतरराष्ट्रीय मंच पर कमजोर नहीं पड़ेगा। वहीं, ट्रंप की ओर से ठोस जवाब या रणनीति की कमी दिखी, जिसकी वजह से शुरुआती राउंड में उन्हें पिछड़ते हुए देखा गया।
Share this content:
