लखनऊ में दिनदहाड़े लूट और मारपीट, 5 बदमाशों ने स्कूटी सवार दोस्तों को बनाया निशाना
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुई एक वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जलालपुर फाटक के पास पांच बदमाशों ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को घेरकर असलहा दिखाया, फिर डंडों, हेलमेट और लात-घूसों से पीटते हुए उनका मोबाइल फोन, नकदी और बैग लूट लिया। यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के चूरू जिले के लालगढ़ निवासी 22 वर्षीय गोविंद शर्मा, लखनऊ के गणेशगंज में अपने बड़े भाई के साथ किराए के मकान में रहते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे वे अपने दोस्त मनीष के साथ बुद्धेश्वर मंदिर दर्शन के लिए स्कूटी से निकले थे। जैसे ही वे जलालपुर फाटक पहुंचे, पहले से मौजूद पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया, असलहा दिखाकर धमकाया और अचानक हमला बोल दिया।
गोविंद ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें हेलमेट, डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से पीटा और मोबाइल, जेब में रखे 2,000 रुपये नकद तथा बैग छीन लिया। जान बचाने के लिए दोनों रेलवे ट्रैक की ओर भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर ट्रैक पर गिरा दिया और दोबारा पीटा। इस दौरान दर्जनों लोग आसपास मौजूद थे, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया और लोग सिर्फ वीडियो बनाते रहे।
घटना के बाद पीड़ित पारा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। दोनों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, चश्मदीदों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हैरान हैं।
Share this content:
