April 17, 2026

सुरेश रैना की मुसीबत बढ़ी, ईडी के सामने होंगे पेश

टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के घेरे में आ गए हैं। उन्हें अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स से जुड़े मामले में 13 अगस्त को दिल्ली कार्यालय में पेश होने का समन भेजा गया है। इस मामले में ED बेटिंग एप 1xBet से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और रैना से बयान दर्ज करेगी।

मामला तब शुरू हुआ जब मुंबई की ED टीम ने ‘परीमैच’ नामक सट्टेबाजी एप के रैकेट की जानकारी जुटाने के लिए मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, हैदराबाद, जयपुर, मदुरै और सूरत में 15 जगहों पर तलाशी ली। यह जांच 2024 में मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले के आधार पर शुरू हुई थी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरेश रैना पर आरोप है कि उन्होंने इस बेटिंग एप का प्रमोशन किया। दिसंबर 2024 में 1xBet ने रैना को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया था और कहा था कि यह साझेदारी स्पोर्ट्स बेटिंग को जिम्मेदारी के साथ प्रोत्साहित करेगी। हालांकि, सरकार ने इन प्लेटफॉर्म्स को बैन कर दिया था, फिर भी कई एप्स अलग-अलग नाम से सक्रिय हैं और सेलेब्रिटी प्रमोशन के कारण लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि इन प्लेटफॉर्म्स ने करीब 2000 करोड़ रुपये की कमाई की, जो क्रिप्टो वॉलेट और तमिलनाडु के कुछ एटीएम के माध्यम से निकाली गई। सुरेश रैना के अलावा हरभजन सिंह और युवराज सिंह को भी बेटिंग ऐप्स प्रमोशन के लिए नोटिस भेजे गए थे।

अब रैना को ED के सामने पेश होकर इस मामले में अपने बयान दर्ज कराने होंगे। इस कदम से पूर्व क्रिकेटर की मुश्किलें बढ़ गई हैं और आने वाले दिनों में जांच की दिशा पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!