अमेठी में पत्नी का खौफनाक कांड, नशीली दवा खिलाकर पति का प्राइवेट पार्ट काटा
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मैगलगंज कचनाव गांव में रहने वाले अंसार अली की दूसरी पत्नी नाजनी ने पहले पति को नशीली दवा खिलाई और फिर उस पर बेरहमी से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। इसके अलावा, महिला ने पति के शरीर पर कई बार चाकू से वार भी किए और फिर मौके से फरार हो गई।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, अंसार अली ने दो शादियां कर रखी थीं। इसी वजह से घर में आए दिन विवाद होता था। दूसरी पत्नी नाजनी अक्सर अंसार अली को समझाने की कोशिश करती थी, लेकिन बात नहीं बनती थी। आरोप है कि लंबे समय से चल रहे तनाव के बाद नाजनी ने इस घटना को अंजाम दिया।
हमले के बाद अंसार अली गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि घटना के समय वे घर के पास थे और नाजनी को भागते हुए देखा। घर में प्रवेश करने पर अंसार अली खून से लथपथ हालत में मिले।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना इंचार्ज राघवेंद्र प्रताप ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपी पत्नी की तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि यह घटना घरेलू विवाद और पति की दो शादियों के चलते हुई है।
फिलहाल पुलिस टीम विभिन्न जगहों पर दबिश देकर आरोपी महिला की खोजबीन कर रही है, जबकि गांव में यह सनसनीखेज वारदात चर्चा का विषय बनी हुई है।
Share this content:
