रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में चेतन हंसराज निभाएंगे रावण के नाना सुमाली का किरदार, शूटिंग पूरी
रणबीर कपूर की बिग बजट फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म को लेकर एक-एक करके नए अपडेट सामने आ रहे हैं। अब इस महाकाव्य पर आधारित फिल्म से अभिनेता चेतन हंसराज का नाम भी जुड़ गया है। चेतन फिल्म में रावण के नाना ‘सुमाली’ का किरदार निभा रहे हैं और उन्होंने अपने हिस्से की शूटिंग पूरी भी कर ली है।
चेतन हंसराज ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने इस फिल्म में काम करने का अनुभव बेहद शानदार बताया है। उनके मुताबिक, रणबीर कपूर और यश जैसे कलाकारों के साथ काम करना उनके करियर का सबसे बड़ा मौका रहा। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग बड़े पैमाने पर की गई है और हॉलीवुड स्तर की तकनीकी टीम ने इसे संभाला है, जिससे सेट का माहौल बेहद ग्रैंड था।
‘रामायण’ को नितेश तिवारी डायरेक्ट कर रहे हैं और इसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। यह भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। फिल्म तीन भागों में रिलीज होगी, जिसमें पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा दिवाली 2027 में आने की उम्मीद है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका में दिखेंगे। साईं पल्लवी के सीता बनने की अटकलें भी चल रही हैं।
रामायण के चरित्रों की बात करें तो सुमाली रावण की मां कैकसी का पिता था और राक्षसों का राजा माना जाता है। कथा के अनुसार, सुमाली ने अपनी बेटी कैकसी का विवाह महर्षि विश्रवा से करवाया था, जिससे रावण, कुंभकरण और विभीषण का जन्म हुआ। माना जाता है कि रावण के जीवन में सुमाली की सोच और महत्वाकांक्षा ने अहम भूमिका निभाई।
फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। इसकी भव्यता, VFX, स्टार कास्ट और इंटरनेशनल स्केल की वजह से इसे ग्लोबल लेवल पर रिलीज करने की योजना है। चेतन हंसराज जैसे अनुभवी टीवी और फिल्म अभिनेता के शामिल होने से यह फिल्म और भी अधिक दिलचस्प बन गई है। आने वाले दिनों में फिल्म से जुड़े और भी कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
Share this content:
