लखनऊ में मर्चेंट नेवी अफसर गिरफ्तार, पत्नी की संदिग्ध मौत पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का केस

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में मर्चेंट नेवी के सेकेंड अफसर अनुराग सिंह की पत्नी मधु सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। मधु का शव उनके फ्लैट में फांसी के फंदे से लटका मिला। हालांकि, अनुराग ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन मृतका के मायकेवालों ने इस पर सवाल उठाते हुए हत्या का आरोप लगाया है।

परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। मधु की बहन प्रिया और पिता फतेह बहादुर सिंह ने पति अनुराग सिंह पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न, जबरन गर्भपात, और चरित्र पर अभद्र टिप्पणियों जैसे आरोप लगाए हैं। यहां तक कि अनुराग ने अपनी पत्नी को ‘लेस्बियन’ कहकर बदनाम करने की कोशिश की थी। उन्होंने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, मधु और अनुराग लखनऊ के ओमेक्स वाटर एस्केप अपार्टमेंट में रहते थे। 3 अगस्त की रात दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। अगले दिन अनुराग ने मधु के परिवार को फोन कर आत्महत्या की सूचना दी। जब परिजन फ्लैट पर पहुंचे, तो मधु का शव बेड पर पड़ा था और फंदा पहले ही काटा जा चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि शव को छेड़छाड़ कर आत्महत्या के सबूत मिटाने की कोशिश की गई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शुरुआती रिपोर्ट में आत्महत्या की आशंका जताई गई है। हालांकि परिवार के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हत्या की एंगल से भी जांच कर रही है। डीसीपी ईस्ट शशांक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और स्पष्टता आएगी। फिलहाल आरोपी पति अनुराग सिंह के खिलाफ हत्या, दहेज उत्पीड़न और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Share this content:

About The Author

You may have missed