April 30, 2026

Shwetha Menon Controversy: अश्लीलता फैलाने के आरोप में एक्ट्रेस श्वेता मेनन पर केस दर्ज, कोर्ट ने दिए जांच के आदेश

साउथ और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री श्वेता मेनन कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। उनके खिलाफ अश्लीलता फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। कोच्चि के एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस स्टेशन में एक सामाजिक कार्यकर्ता मार्टिन मेनाचेरी ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें श्वेता पर पैसे के लालच में अश्लील फिल्मों और विज्ञापनों में काम करने का आरोप लगाया गया है। अदालत ने इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस को उचित जांच के आदेश दिए हैं।

शिकायतकर्ता ने अपनी याचिका में श्वेता मेनन द्वारा की गई कुछ फिल्मों का हवाला देते हुए कहा है कि वे समाज में अश्लीलता फैला रही हैं। इन फिल्मों में ‘रतिनिर्वेदम’, ‘पालेरी मनिकयम’ और ‘कलिमन्नु’ शामिल हैं। उनके खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा इंटरनेट या डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील सामग्री के प्रकाशन और प्रसारण से संबंधित है।

श्वेता मेनन का करियर लगभग तीन दशक पुराना है और वे 1994 में मिस इंडिया का खिताब जीतकर चर्चा में आई थीं। इसके बाद उन्होंने 30 से ज्यादा बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है। उनकी प्रमुख फिल्मों में बंधन, इश्क, कॉरपोरेट, मकबूल, रन, वध जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं। उन्होंने सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान और गोविंदा जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ स्क्रीन साझा की है।

हालांकि पिछले एक दशक में वे बॉलीवुड फिल्मों से दूर रहीं और मुख्य रूप से मलयालम फिल्मों में ही सक्रिय रहीं। इसके अलावा उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी कदम रखा है और वहां भी उनकी मौजूदगी दर्ज की गई है। श्वेता मेनन का नाम अभिनय के साथ-साथ सामाजिक कार्यों और विवादों से भी जुड़ता रहा है।

अब देखना होगा कि इस ताजा मामले में जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और अदालत इस पर क्या रुख अपनाती है। श्वेता मेनन की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!