द ट्रायल 2: कमबैक शब्द से नाराज़ काजोल ने मजेदार अंदाज़ में किया सीजन 2 का ऐलान
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री काजोल ने एक बार फिर अपनी वापसी का ऐलान किया है, लेकिन इस बार वे अपने ही “कमबैक” शब्द से चिढ़ी हुई नजर आईं। काजोल ने ‘द ट्रायल’ वेब सीरीज के दूसरे सीजन की घोषणा सोशल मीडिया पर की और साथ ही यह भी जाहिर किया कि बार-बार वापसी का टैग उन्हें अब अखरने लगा है। उनका कहना है कि वे कहीं गई ही नहीं थीं, तो बार-बार ‘कमबैक’ क्यों कहा जा रहा है?
काजोल ने अपने अनाउंसमेंट वीडियो में बड़े ही चुलबुले और फनी अंदाज़ में कहा – “हैलो, मैं काजोल हूं और मैं ये बताते हुए बहुत खुश हूं कि मैं वापसी कर रही हूं। कमबैक? हद हो गई यार। कितनी बार कमबैक करूंगी मैं? गई कहां थी मैं?” उन्होंने आगे कहा, “अब तुमलोग बोलोगे कि काजोल हम पर चिल्ला रही है। हां बस यही दो चीजें करती हूं मैं, चिल्लाना और वापस आना।” इस वीडियो ने फैन्स को खूब एंटरटेन किया और उनकी एक्टिंग को एक बार फिर सराहा गया।
‘द ट्रायल’ के पहले सीजन को 2023 में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। अब इसके दूसरे सीजन को लेकर काजोल ने बताया कि यह 19 सितंबर 2025 से जियो प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा। इस बार सीरीज का टाइटल है – ‘The Trial: प्यार, कानून, धोखा’। पहले सीजन में काजोल के अभिनय को काफी सराहना मिली थी और अब उनके फैन्स इस नए सीजन को लेकर उत्साहित हैं।
काजोल ने 2010 से 2019 के बीच फिल्मों से थोड़ा ब्रेक लिया था, लेकिन 2020 के बाद उन्होंने लगातार प्रोजेक्ट्स किए हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी वे काफी एक्टिव रही हैं। ‘त्रिभंगा’, ‘सलाम वेंकी’, ‘लस्ट स्टोरीज 2’, और हाल ही में आई हॉरर फिल्म ‘मां’ में वे नजर आ चुकी हैं। हालांकि ‘मां’ ने बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रदर्शन किया, लेकिन उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ हुई थी।
अब देखना यह होगा कि ‘द ट्रायल 2’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है। काजोल की बढ़ती एक्टिविटी इस बात का संकेत है कि वे इंडस्ट्री में मजबूती से अपनी जगह बनाए हुए हैं और ‘कमबैक’ शब्द अब उनके लिए पुराना हो चुका है।
Share this content:
