May 1, 2026

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने ट्रंप को किया नजरअंदाज, बोले- पीएम मोदी से करूंगा बात

अमेरिकी टैरिफ को लेकर जारी वैश्विक विवाद में ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने बड़ा बयान देकर हलचल मचा दी है। उन्होंने अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फोन कॉल के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है और कहा है कि वे टैरिफ पर बात करने के लिए ट्रंप को फोन नहीं करेंगे। लूला का कहना है कि ट्रंप आपसी सम्मान के साथ बातचीत नहीं करना चाहते, इसलिए उनसे कोई चर्चा संभव नहीं है।

 

स्थानीय मीडिया से बातचीत में लूला ने स्पष्ट कहा कि ट्रंप सिर्फ अपनी बात कहना चाहते हैं, सुनना नहीं चाहते। उन्होंने यह भी दोहराया कि अमेरिका से टैरिफ पर बातचीत तभी होगी जब वह आमने-सामने और बराबरी की शर्तों पर हो। उन्होंने किसी भी दबाव या राजनीतिक झुकाव से इंकार किया और कहा कि ब्राजील अपनी संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा।

 

लूला ने आगे कहा कि वह व्यापार और सहयोग को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना चाहेंगे, क्योंकि मोदी उनकी बात को समझते हैं और आपसी सम्मान की भावना रखते हैं। इसके साथ ही उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी संवाद की इच्छा जताई।

 

इस विवाद के पीछे दोनों नेताओं के राजनीतिक मतभेद भी बड़ी वजह हैं। लूला को समाजवादी विचारधारा वाला नेता माना जाता है और उन्होंने ट्रंप पर अपने विरोधी जायर बोल्सनारो को समर्थन देने का आरोप लगाया है। बोल्सनारो पर हाल ही में ब्राजील की अदालत ने हाउस अरेस्ट का आदेश दिया है, और ट्रंप कई बार उनके पक्ष में खुलकर बोल चुके हैं।

 

ब्रिक्स संगठन को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच खटास रही है। ट्रंप ने अतीत में कहा था कि ब्रिक्स की स्थापना अमेरिका की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के लिए की गई थी, जबकि लूला वर्तमान में ब्रिक्स के भीतर सक्रिय समन्वयक भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में यह टकराव केवल टैरिफ तक सीमित नहीं बल्कि वैश्विक राजनीति की दिशा भी तय कर सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!