चाचा संग भागी भतीजी, फिर की शादी… लौटते ही हुए किडनैप, CCTV में कैद हुआ पूरा मामला
मध्य प्रदेश के हरदा ज़िले से एक चौंकाने वाली और विवादास्पद घटना सामने आई है, जहां एक युवती अपने रिश्ते के चाचा के साथ भाग गई, दोनों ने दिल्ली में शादी की और फिर जब नौकरी के सिलसिले में हरदा लौटे, तो दिनदहाड़े उनका अपहरण हो गया। यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है।
दिल्ली में की लव मैरिज, हरदा लौटते ही हंगामा
करीब डेढ़ महीने पहले युवती अपने रिश्ते के चाचा के साथ दिल्ली भाग गई थी। दोनों ने वहां जाकर प्रेम विवाह किया। युवती ने पुलिस को बताया कि युवक उसका सगा चाचा नहीं है, बल्कि दूर के रिश्ते में आता है। शादी के बाद करीब 20 दिन तक वे दिल्ली में रहे, फिर नौकरी के सिलसिले में हरदा लौट आए।
घर वालों को मिली जानकारी, फिर हुई किडनैपिंग
लगभग 8 दिन पहले लड़की के घर वालों को उनकी हरदा में मौजूदगी का पता चला। बस फिर क्या था — परिवार के कुछ सदस्य उसी इलाके में पहुंच गए जहां दोनों रह रहे थे। पहले तो लड़की को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो जबरन उसे और उसके पति को कार में बैठाकर ले गए।
पुलिस की कार्रवाई, CCTV से मिले सबूत
घटना के 5 घंटे बाद लड़की और उसका पति थाने पहुंचे। युवती ने पुलिस को साफ-साफ कहा — “अब वह मेरे चाचा नहीं, मेरे पति हैं। मैं उनके साथ ही रहना चाहती हूं।” पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पास लगे CCTV फुटेज में पूरी घटना कैद मिली। फुटेज में अपहरण की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने 4-5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
भीम आर्मी का नाम आया सामने, अध्यक्ष ने दी सफाई
CCTV फुटेज में एक स्थानीय व्यक्ति महेंद्र काशिव भी दिखा, जो भीम आर्मी का संभागीय अध्यक्ष है। इस पर जब सवाल उठे, तो महेंद्र ने सफाई दी — “हम तो लड़की के परिवार वालों की मदद करने गए थे। हमें बताया गया था कि गांव की एक लड़की गायब है और उसका पता चल गया है। हम बस समझाने के लिए पहुंचे थे।”
लड़की की जिद: ‘अब वो मेरे पति हैं’
लड़की लगातार अपने पति के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है। उसने कहा कि उसे जबरन ले जाया गया और वो स्वतंत्र रूप से अपने फैसले पर कायम है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज़ कर दी है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
Share this content:
