May 4, 2026

मोहम्मद सिराज को सब कुछ सिखाना पड़ता है! अर्शदीप सिंह बने ‘DSP साहब’ के सोशल मीडिया गुरु

ओवल टेस्ट में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया है। इस वीडियो में अर्शदीप सिंह, सिराज को रील बनाना सिखाते नजर आ रहे हैं और कह रहे हैं कि गेंदबाजी छोड़कर सब कुछ उन्हें सिखाना पड़ता है।

सिराज बने ‘प्रेशर’ स्टार, गुरु बने अर्शदीप

BCCI ने इस मजेदार पल को सोशल मीडिया पर शेयर किया जिसमें अर्शदीप, सिराज को एक डायलॉग के लिए टिप्स देते हैं – “प्रेशर, प्रेशर… थोड़ा रुक के बोलना है, फिर ‘व्हाट प्रेशर’। सब सिखाना पड़ता है गेंदबाजी छोड़कर।” इसके बाद सिराज उसी अंदाज़ में रील बनाते हैं और फैंस को अपनी क्यूटनेस से जीत लेते हैं।

सिराज का धमाका, 9 विकेट लेकर इंग्लैंड को किया ढेर

गौरतलब है कि सिराज ने ओवल टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट चटकाए और इंग्लैंड की मजबूत बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की टीम 374 रन के लक्ष्य के सामने 367 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला जीतकर सीरीज को 2-2 से बराबरी पर खत्म किया।

सिराज अब हैं तेलंगाना के DSP

टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद सिराज को तेलंगाना सरकार ने डीएसपी (DSP) की मानद उपाधि दी थी। तभी से फैंस उन्हें मजाक में ‘DSP साहब’ कहकर बुलाते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर उनका ये मस्ती भरा रूप फैंस को बेहद पसंद आ रहा है।

सीरीज का रोमांचक अंत

5 टेस्ट मैचों की इस सीरीज में उतार-चढ़ाव भरे मुकाबले देखने को मिले। पहला और तीसरा टेस्ट इंग्लैंड ने जीता, दूसरा और पांचवां भारत ने। जबकि चौथा मैच ड्रॉ रहा। अंतिम टेस्ट में सिराज के प्रदर्शन ने भारत को बराबरी का मौका दिया और सीरीज यादगार बना दी।

सोशल मीडिया पर छाए सिराज-अर्शदीप

मस्ती, क्रिकेट और दोस्ती की इस झलक ने क्रिकेट फैन्स को सिराज और अर्शदीप की बॉन्डिंग का दीवाना बना दिया है। फैन्स कह रहे हैं – “मैदान पर खतरनाक, कैमरे के सामने क्यूट!”
अब हर कोई यही पूछ रहा है – अगली रील कब आ रही है, DSP साहब?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!