May 4, 2026

भारत की अर्थव्यवस्था को ‘Dead’ बताने वाले ट्रंप देखें ये आंकड़े, खुद की इकोनॉमी पर आ जाएगा शक

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को ‘मरी हुई’ बताया और 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया. ट्रंप ने कहा कि अगर भारत और रूस अपनी डूबती हुई इकॉनमी को साथ लेकर गिरना चाहते हैं, तो उन्हें फर्क नहीं पड़ता. उनके इस बयान ने राजनीतिक और आर्थिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है. लेकिन आंकड़े बताते हैं कि ट्रंप का दावा तथ्यहीन और भ्रामक है.

इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) और टाइम मैगजीन जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के अनुसार, भारत पिछले 30 वर्षों में 12 गुना से ज़्यादा बड़ा हुआ है, जबकि अमेरिका सिर्फ 4 गुना बढ़ा. 1995 में भारत की जीडीपी अमेरिका की सिर्फ 5% थी, जो 2025 तक बढ़कर लगभग 14% तक पहुंच रही है. वहीं, जापान जैसे देश 1995 की तुलना में अब और पीछे चले गए हैं.

भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा जनसंख्या है. टाइम की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर भारत अगले 20 सालों तक 6% से ज़्यादा की दर से बढ़ता रहा, तो 2073 तक अमेरिका को पीछे छोड़ सकता है. अमेरिका में जहां बुजुर्गों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है, भारत में अगले कुछ दशकों तक युवा कार्यबल प्रमुख रहेगा, जिससे खपत और उत्पादन दोनों को बढ़ावा मिलेगा.

भारत की मौजूदा जीडीपी 4.18 ट्रिलियन डॉलर को पार कर चुकी है, जिससे वह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है. IMF का अनुमान है कि भारत की विकास दर 2025-26 तक 6.5% रहेगी, जबकि अमेरिका महज 1.9% पर अटका रहेगा. इतना ही नहीं, भारत पर कर्ज का बोझ भी अमेरिका की तुलना में कम है—भारत पर जहां जीडीपी का 83% कर्ज है, वहीं अमेरिका पर 123% से ज़्यादा.

हालांकि भारत को अभी कई मोर्चों पर सुधार की ज़रूरत है. खासकर गांवों की हालत, बेरोजगारी, मैन्युफैक्चरिंग और सामाजिक असमानता को लेकर गंभीर काम बाकी है. लेकिन ट्रंप की तरह भारत को ‘Dead Economy’ बताना न केवल तथ्यहीन है, बल्कि विश्व मंच पर भारत की वास्तविक आर्थिक ताकत को नज़रअंदाज़ करना भी है.

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!