क्रिकेट प्रेमी शाहिद कपूर की फिल्मों को नहीं मिला बॉक्स ऑफिस पर प्यार

बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर का क्रिकेट के प्रति लगाव जगजाहिर है। वे न केवल क्रिकेट मैचों में अक्सर नजर आते हैं, बल्कि क्रिकेट आधारित फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। हाल ही में शाहिद कपूर अपनी पत्नी मीरा राजपूत के साथ लॉर्ड्स स्टेडियम में नजर आए, जिसे क्रिकेट का मक्का कहा जाता है। उन्होंने यहां क्रिकेट यूनिफॉर्म में कई तस्वीरें खिंचवाईं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

शाहिद की ये तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आईं। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें क्रिकेटर की तरह देखकर तारीफों के पुल बांध दिए। एक यूज़र ने लिखा, “ओह माई गॉड, आपने तो मेरा मूड ही बूस्ट कर दिया।” वहीं दूसरे ने कहा, “ये कौन सा तरीका है आधी रात को दिल चुराने का।” उनके फैंस इस अवतार से खासा कनेक्ट कर पा रहे हैं क्योंकि शाहिद पहले भी क्रिकेट पर आधारित फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं।

शाहिद कपूर ने अब तक दो क्रिकेट बेस्ड फिल्मों में अभिनय किया है, लेकिन दुर्भाग्य से दोनों ही फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिल पाई। साल 2009 में रानी मुखर्जी के साथ आई फिल्म ‘दिल बोले हड़िप्पा’ एक स्पोर्ट्स-ड्रामा थी। इसका बजट लगभग 28 करोड़ रुपए था, जबकि भारत और विदेश को मिलाकर फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 46 करोड़ रुपए रहा। इसके बावजूद फिल्म को फ्लॉप करार दिया गया।

इसके बाद साल 2022 में शाहिद कपूर एक बार फिर ‘जर्सी’ के जरिए क्रिकेट मैदान में लौटे, लेकिन यह फिल्म भी दर्शकों को लुभाने में असफल रही। करीब 80 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म सिर्फ 28 करोड़ रुपए ही कमा सकी और एक डिजास्टर साबित हुई। इसके बाद से शाहिद की क्रिकेट बेस्ड फिल्मों की सफलता पर सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाईं, लेकिन शाहिद कपूर का क्रिकेट प्रेम बरकरार है। वे न केवल खेल के मैदान पर सक्रिय रहते हैं, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए क्रिकेट के प्रति अपना प्यार जाहिर करते रहते हैं। ऐसे में उनके फैंस को अब भी उम्मीद है कि भविष्य में वे इस थीम पर एक और हिट फिल्म जरूर देंगे।

Share this content:

About The Author

You may have missed