May 1, 2026

गाजा युद्ध में जल्द हो सकता है सीजफायर, अमेरिकी मध्यस्थता से बंधकों की रिहाई की उम्मीद

गाजा युद्ध को लेकर एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आ रही है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिए हैं कि युद्धविराम की दिशा में अहम प्रगति हुई है और जल्द ही इससे जुड़ा बड़ा ऐलान हो सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ की मध्यस्थता से बंधकों की रिहाई और युद्धविराम को लेकर बातचीत तेजी से आगे बढ़ी है।

 

रुबियो ने फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में कहा कि यह समझौता ‘किसी भी दिन’ हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि इस समझौते के तहत पहले चरण में करीब आधे बंधकों को रिहा कर दिया जाएगा, जिनमें मृतक बंधक भी शामिल हो सकते हैं। शेष बंधकों को 60 दिनों के भीतर रिहा करने की योजना बनाई गई है। रुबियो ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक सभी अमेरिकी नागरिकों को छुड़ा लिया गया है।

 

अमेरिका की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है जब कई रिपोर्ट्स में युद्धविराम वार्ता विफल होने की आशंका जताई जा रही थी। इसके बावजूद स्टीव विटकॉफ द्वारा की गई लगातार कोशिशों को लेकर रुबियो ने सकारात्मक रुख दिखाया और कहा कि अब यह बातचीत निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है।

 

रुबियो ने इजराइल की शर्तों को दोहराते हुए कहा कि युद्ध खत्म करने का सबसे सरल तरीका है कि हमास सभी बंधकों को रिहा करे और हथियार डाल दे। उन्होंने कहा कि इस कदम से गाजा में चल रहे संकट का समाधान संभव है। हालांकि इस बीच गाजा में भुखमरी की स्थिति और इजराइली एड बैन के चलते हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।

 

वहीं, इजराइल ने अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए सीमित समय के लिए सुरक्षित मार्ग खोलने का फैसला किया है। अब सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक संयुक्त राष्ट्र और राहत संगठनों के काफिले इन रास्तों से भोजन और दवाएं लेकर गाजा में प्रवेश कर सकेंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!