मुजफ्फरपुर में साधु बनकर आए ठगों ने महिला से लूटे 9 लाख के गहने, चावल खिलाकर किया बेहोश
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां दो ठग साधु का भेष धारण कर एक महिला को अपने झांसे में लेकर लाखों रुपये के गहने लूट ले गए। यह वारदात मनियारी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की है, जहां ठगों ने महिला को चावल में कुछ खिला कर बेहोश कर दिया और 9 लाख के आभूषण लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, ठगों ने खुद को चमत्कारी साधु बताया और महिला ममता देवी को यह कहकर बहलाया कि वे उसके गहनों को दोगुना कर सकते हैं। साधु के वेशधारी ठग ने पहले महिला से सारे गहने मंगवाए और फिर चावल खाने को कहा। जैसे ही महिला ने चावल खाए, वह बेहोश हो गई। इस बीच ठग जेवर लेकर भाग निकले।
घटना के बाद महिला की सास ने जब उसे बेहोश देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। होश में आने पर महिला ने पूरी घटना बताई। ग्रामीणों ने तुरंत हरकत में आते हुए मुरौल चौक पर दो संदिग्धों को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को उनके पास से बड़ी मात्रा में जेवर मिले हैं, जो सोने के बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहतास जिले के निवासी के रूप में हुई है। दोनों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वे किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हैं, जो इस तरह भोली-भाली महिलाओं को निशाना बनाता है।
गांव के लोगों का कहना है कि ऐसे गिरोह पहले भी ग्रामीण इलाकों में साधु बनकर आ चुके हैं और महिलाओं को जादू-टोने के बहाने लूट चुके हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पूरे गिरोह का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा और इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।
Share this content:
