May 5, 2026

लखनऊ: गोल्ड लोन चुकाने के बाद ग्राहक को थमाया गया नकली सोना, मणप्पुरम गोल्ड लोन पर मुकदमा दर्ज

लखनऊ के विकास नगर इलाके में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी पर एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गोल्ड लोन की रकम चुकाने के बावजूद ग्राहक को असली की जगह नकली सोना वापस लौटा दिया गया। पीड़ित ग्राहक अमित कुमार त्रिपाठी की शिकायत पर विकास नगर थाने में कंपनी के शाखा प्रबंधकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

अमित कुमार त्रिपाठी ने विकास नगर स्थित मणप्पुरम शाखा में गोल्ड लोन लिया था, जिसकी कुल राशि 9.94 लाख रुपये थी। उन्होंने पूरी रकम चुकाकर अपने ज़ेवर वापस मांगे, लेकिन उन्हें जो जेवर दिए गए, वे नकली निकले। जब उन्होंने इस धोखाधड़ी को लेकर सवाल उठाया, तो उन्हें गुमराह करने की कोशिश की गई। अंततः उन्होंने पुलिस से संपर्क कर मामला दर्ज कराया।

 

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने न सिर्फ नकली जेवर लौटाए बल्कि जमा की गई पूरी रकम भी हड़प ली। ग्राहक का कहना है कि जिन सोने के जेवरों को उन्होंने गिरवी रखा था, उनकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये है। इसके बदले उन्हें नकली धातु से बने जेवर थमा दिए गए, जिससे उनकी आर्थिक और मानसिक क्षति हुई।

 

विकास नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर धोखाधड़ी और विश्वासघात की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह कोई सुनियोजित साजिश है और इसमें शाखा प्रबंधकों के अलावा कोई और कर्मचारी भी शामिल है या नहीं।

 

यह मामला न केवल उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों के भरोसे को भी गहरा आघात पहुंचाता है। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच के बाद कौन-कौन इसमें दोषी पाया जाता है और मणप्पुरम कंपनी इस मामले पर क्या प्रतिक्रियादेती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!