उड़ता हुआ टैंक: भारतीय सेना में शामिल होंगे अपाचे हेलीकॉप्टर, दुश्मन के लिए भारी पड़ेंगे
भारतीय सेना को जल्द ही अमेरिका से खरीदे गए अपाचे AH-64E अटैक हेलीकॉप्टर मिलेंगे, जिन्हें ‘उड़ता हुआ टैंक’ कहा जाता है। इन हेलीकॉप्टरों की कीमत लगभग 860 करोड़ रुपये प्रति यूनिट है। 22 जुलाई को जोधपुर में इन हेलीकॉप्टरों को सेना में शामिल किया जाएगा।
पहले चरण में कुल 6 अपाचे हेलीकॉप्टरों में से 3 भारत पहुंचेंगे और इन्हें जोधपुर स्थित 451 आर्मी एविएशन स्क्वाड्रन के तहत पश्चिमी सीमा पर तैनात किया जाएगा। इससे भारतीय थल सेना की मारक क्षमता और ज्यादा मजबूत होगी।
अपाचे हेलीकॉप्टरों में 30 मिमी की ऑटोमेटिक गन, हाइड्रा-70 रॉकेट सिस्टम, हेलफायर एंटी-टैंक मिसाइलें और रॉकेट पॉड्स लगे होते हैं। इसके अलावा, इसमें एडवांस नाइट विजन और टारगेटिंग सिस्टम भी हैं, जिससे ये दिन-रात और किसी भी मौसम में ऑपरेशन कर सकते हैं।
अपाचे हेलीकॉप्टरों की यह विशेषताएं इन्हें जमीन पर चलने वाले भारी टैंक का हवाई संस्करण बनाती हैं। यह दुश्मन के टैंकों, बख्तरबंद वाहनों और ठिकानों पर सटीक हमले करने में सक्षम हैं। इससे जमीनी लड़ाई में भारतीय सेना को जबरदस्त मदद मिलेगी और उसकी ताकत बढ़ेगी।
Share this content:
