ऋतिक रोशन ने ठुकराई थी ‘बाहुबली’, 180 करोड़ की इस फिल्म ने प्रभास को बनाया सुपरस्टार
भारतीय सिनेमा के इतिहास में ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ एक ऐसी फिल्म है जिसने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया, बल्कि भारतीय फिल्मों की वैश्विक पहचान को भी मजबूत किया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस महाकाव्य फिल्म का ऑफर पहले ऋतिक रोशन को दिया गया था? जी हां, फिल्म में अमरेंद्र बाहुबली का किरदार पहले ऋतिक रोशन को ऑफर हुआ था, लेकिन उन्होंने इस रोल को यह कहकर मना कर दिया कि वे अब और ऐतिहासिक किरदार नहीं निभाना चाहते।
फिल्म ‘बाहुबली’ को बनने में तीन साल का लंबा वक्त लगा और यह उस समय की सबसे महंगी फिल्म बनकर सामने आई। एस. एस. राजामौली के निर्देशन में बनी यह फिल्म 180 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई थी, जिसमें से अकेले 85 करोड़ रुपये वीएफएक्स पर खर्च किए गए थे। इस फिल्म को ‘लार्जर दैन लाइफ’ फील देने के लिए तकनीकी स्तर पर बेहद भव्य बनाया गया। और नतीजा सबके सामने था — एक नई सिनेमाई परंपरा की शुरुआत हुई।
2015 में जब यह फिल्म रिलीज हुई, तो इसने केवल साउथ इंडिया में ही नहीं बल्कि पूरे देश में तहलका मचा दिया। प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया, सत्यराज और राम्या कृष्णन जैसे कलाकारों की टीम ने इसे एक कल्ट फिल्म बना दिया। फिल्म ने दुनियाभर में 650 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और 55 से अधिक पुरस्कार जीते। IMDb पर भी फिल्म को 8 स्टार रेटिंग मिली।
ऋतिक रोशन के फिल्म को मना करने की वजह साफ थी — उन्होंने पहले ही ‘जोधा अकबर’ जैसे पीरियड ड्रामा में दमदार प्रदर्शन कर लिया था और वे दोहराव से बचना चाहते थे। लेकिन शायद खुद ऋतिक भी नहीं जानते थे कि उनका यह फैसला किस तरह से प्रभास की किस्मत बदल देगा। यह रोल प्रभास को मिला और इस एक फिल्म ने उन्हें रातों-रात पैन इंडिया सुपरस्टार बना दिया।
आज ‘बाहुबली’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सिनेमाई आंदोलन बन चुका है। और भले ही ऋतिक रोशन ने यह मौका गंवा दिया, लेकिन उनकी यह न में प्रभास के करियर का सबसे बड़ा ‘हां’ साबित हुई।
Share this content:
