मेरठ: तांत्रिक ने तंत्र साधना के लिए की दो मासूमों की गला दबाकर हत्या, तीन महीने में दो बच्चों को उतारा मौत के घाट
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक तांत्रिक ने तंत्र क्रिया के नाम पर दो मासूम बच्चों की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी। मामला सरधना थाना क्षेत्र के नवाबगढ़ी गांव का है, जहां तांत्रिक असद ने पहले 14 वर्षीय उवैश और तीन महीने पहले 11 वर्षीय रिहान को मौत के घाट उतारा।
गुरुवार को आरोपी असद ने पड़ोस में रहने वाले किशोर उवैश को घर से बुलाया और सुनसान पड़े एक जर्जर मकान में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शव को वहीं फेंक दिया गया। जब पुलिस ने गुमशुदगी और हत्या के मामले की जांच शुरू की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पूछताछ में आरोपी ने तीन महीने पहले गांव के ही 11 वर्षीय रिहान की भी हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रिहान के कपड़े और कंकाल के अवशेष बरामद किए हैं।
आरोपी तांत्रिक ने बताया कि उसने तंत्र क्रिया की सिद्धि के लिए दोनों बच्चों की बलि दी। पुलिस ने आरोपी असद के खिलाफ हत्या, अपहरण और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। यह जघन्य अपराध पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल बना चुका है।
Share this content:
