लखनऊ में रेलवे कर्मचारी की हत्या का सनसनीखेज मामला: ‘मजाक में मामी से बने अवैध संबंध’ अब बना खून की वजह, तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
लखनऊ के बंथरा इलाके में चतुर्थ श्रेणी रेल कर्मचारी सिद्धि प्रसाद लोधी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली से पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय कश्यप के रूप में हुई है, जो हत्या के बाद से फरार था। इससे पहले सिद्धि की पत्नी मंजू देवी और उसका प्रेमी आकाश वर्मा को पहले ही 4 जून को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
24 मई की देर शाम सिद्धि प्रसाद का शव उसके घर के पीछे तालाब किनारे झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला था।
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पत्नी मंजू देवी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, मामला घरेलू रिश्तों की जटिलता और अवैध संबंधों की गहराई में उलझता चला गया।
पुलिस के अनुसार, हत्या की जड़ में थे मामी और भांजे के अवैध संबंध।
जांच के दौरान इंस्पेक्टर राणा राजेश कुमार सिंह की टीम ने जब पारा के नरपतखेड़ा निवासी आकाश वर्मा उर्फ लकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। आकाश ने बताया कि मंजू देवी से उसका रिश्ता मजाक में शुरू हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे वह गंभीर हो गया। सिद्धि प्रसाद को जब इस रिश्ते की भनक लगी, तो तीनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
साजिश में शामिल था गोंडा का रहने वाला संजय कश्यप, जिसे अब दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
संजय, सरोजनीनगर के सिपेट चौराहे के पास किराए के मकान में रहकर नादरगंज की एक कंपनी में काम करता था। आकाश और मंजू ने उसी के साथ मिलकर सिद्धि प्रसाद की हत्या की योजना बनाई और अंजाम दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी चल रही है। बंथरा इलाके में यह वारदात चर्चा का विषय बन चुकी है, जिसमें घरेलू संबंधों की जटिलता, विश्वासघात और हत्या की कहानी सामने आई है।
Share this content:
