April 30, 2026

गाड़ी लेकर प्लेटफॉर्म पर चढ़ गया युवक, बोला- “ट्रेन से रेस लगानी थी…” — ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर फिल्मी हंगामा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने आम लोगों से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक को चौंका दिया। बुधवार रात करीब 3 बजे, जब नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी और यात्री चढ़-उतर रहे थे, तभी प्लेटफॉर्म पर अचानक तेज रफ्तार में एक कार आ धमकी। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कार को प्लेटफॉर्म पर देख लोगों ने इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। गाड़ी चला रहा युवक नशे में धुत था और उसे किसी की जान की कोई परवाह नहीं थी। RPF जवानों ने तुरंत हरकत में आते हुए कार को रोका और युवक को बाहर निकाला। जब उससे पूछताछ की गई, तो उसकी बात सुनकर जवान भी हैरान रह गए। आरोपी बोला—“मैं तो ट्रेन से रेस लगाने आया था…”

नशे में धुत, पत्नी मायके गई तो दौड़ पड़ी कार

पुलिस ने आरोपी की पहचान आदित्यपुरम निवासी नितिन राठौड़ के रूप में की है। जानकारी के मुताबिक, नितिन शराब पीने का आदी है और इसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा होता था। बुधवार को भी वह शराब पीकर घर लौटा, जिससे गुस्साई पत्नी मायके चली गई। इस बात से नितिन बौखला गया और गुस्से में रात को और ज्यादा शराब पीकर कार लेकर घर से निकल पड़ा।

रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास का काम चल रहा है, जिसके चलते प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक भारी मशीनों की आवाजाही के लिए झांसी की तरफ से एक रास्ता बनाया गया है। नितिन ने इसी रास्ते का फायदा उठाया और सीधे कार लेकर प्लेटफार्म पर चढ़ गया।

पुलिस की पकड़ में सिरफिरा ड्राइवर

RPF जवानों ने जैसे-तैसे उसे पकड़ा। पूछताछ में नितिन ने न केवल शराब पीने की बात स्वीकार की, बल्कि ये भी कहा कि वो “ट्रेन के साथ रेस लगाने आया था, ताकि अपनी ताकत साबित कर सके।” फिलहाल उसकी कार जब्त कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि नशे में चूर दिमाग किस हद तक असामान्य और खतरनाक हरकतें कर सकता है। गनीमत रही कि इस ‘रेस’ में कोई जान नहीं गई।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!