‘रामायण’ के टीजर ने बटोरी सुर्खियां, रणबीर कपूर पत्नी आलिया संग वेकेशन मनाने निकले लंदन
रणबीर कपूर इन दिनों अपनी मचअवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर खूब चर्चा में हैं। हाल ही में निर्देशक नितेश तिवारी ने इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का टीजर रिलीज किया, जिसमें भगवान राम बने रणबीर की पहली झलक सामने आई। साथ ही साउथ स्टार यश को रावण के किरदार में एक दमदार लुक में देखा गया। टीजर में दमदार बैकग्राउंड स्कोर और विजुअल्स के साथ जैसे ही रणबीर सामने आए, सोशल मीडिया पर ‘जय श्री राम’ के नारे गूंजने लगे। इस झलक ने फैंस की उम्मीदों को नई उड़ान दे दी है।
टीजर की इस जबरदस्त सक्सेस के बीच रणबीर कपूर फिलहाल काम से ब्रेक लेकर पत्नी आलिया भट्ट संग छुट्टियां मनाने लंदन रवाना हो गए हैं। हाल ही में कपल की लंदन से कुछ तस्वीरें वायरल हुई हैं, जिनमें दोनों एक फैन के साथ नजर आए। तस्वीरों में रणबीर ब्लैक टीशर्ट, ब्लू डेनिम और ब्राउन चेल्सी शूज़ में दिखे, जबकि आलिया ब्लैक आउटफिट पर लॉन्ग ग्रे ब्लेज़र में स्टाइलिश लुक में नजर आईं।
दिलचस्प बात ये है कि आलिया भट्ट ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ‘रामायण’ का टीजर शेयर करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “कुछ चीज़ें शब्दों की मोहताज नहीं होतीं। ऐसा लग रहा है जैसे किसी अविस्मरणीय चीज़ की शुरुआत हो रही है। दिवाली 2026… हम इंतज़ार कर रहे हैं।” आलिया का ये रिएक्शन फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
बता दें कि ‘रामायण’ में रणबीर भगवान राम, साउथ सुपरस्टार यश रावण और साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म 2026 की दिवाली पर रिलीज होगी और इसके मेकिंग लेवल को लेकर दर्शकों में पहले से ही खासा उत्साह है। अब जब टीजर ने शानदार शुरुआत कर दी है, तो फिल्म की रिलीज को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
Share this content:
