दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके, झज्जर बना केंद्र, लोगों में दहशत—“ऐसा भूकंप पहले कभी नहीं महसूस किया”
गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक धरती कांपने लगी। सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई और इसका केंद्र हरियाणा का झज्जर जिला रहा। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग काम छोड़कर घबराहट में अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। झज्जर समेत आसपास के कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि झटके काफी डरावने थे। झज्जर में एक युवक ने कहा, “मैं ऑफिस में बैठा काम कर रहा था, तभी अचानक कंप्यूटर, मेज और पंखा जोर-जोर से हिलने लगे। मुझे कुछ समझ नहीं आया, मैं तुरंत बाहर की ओर भागा। ऐसा भूकंप मैंने पहले कभी नहीं महसूस किया।” कई लोगों ने इस अनुभव को भयावह बताते हुए कहा कि उन्हें अब डर लग रहा है कि अगले कुछ घंटों में कहीं एक और भूकंप न आ जाए।
वहीं, एक महिला ने बताया, “मैं छत पर बैठी कुछ काम कर रही थी, तभी अचानक सब कुछ हिलने लगा। पल भर को तो समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा है। ऐसा भूकंप जीवन में पहली बार महसूस किया। मैं तो डर के मारे तुरंत नीचे उतर आई।”
इस भूकंप के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत एहतियात बरतते हुए कुछ समय के लिए मेट्रो ट्रेनों को रोक दिया। ट्रेनों की रफ्तार को कुछ मिनटों के लिए धीमा किया गया और स्टेशन स्तर पर सभी सुरक्षा जांचें की गईं।
हालांकि इस भूकंप से अभी तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है, लेकिन लोगों के मन में डर बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपने अनुभव साझा किए हैं, जिसमें कई ने बताया कि झटकों की वजह से बच्चों और बुजुर्गों में घबराहट फैल गई।
भूकंप के झटके झज्जर के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में भी महसूस किए गए। विशेषज्ञों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अगर सतह के करीब होता है, तो हल्की तीव्रता वाला भूकंप भी तेज झटका महसूस करवा सकता है, और इस बार ऐसा ही हुआ।
भूकंप के बाद नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने पुष्टि की कि इसकी तीव्रता 4.1 थी और गहराई करीब 10 किलोमीटर थी। विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और आफ्टरशॉक्स की संभावना को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इस पूरी घटना ने एक बार फिर यह याद दिला दिया है कि दिल्ली-एनसीआर भूकंप संभावित क्षेत्र में आता है और यहां किसी भी वक्त बड़ा भूकंप आ सकता है। इसलिए इमारतों की सुरक्षा, सरकारी तैयारियों और जनजागरूकता जैसे विषयों पर गंभीरता से काम करने की ज़रूरत है।
Share this content:
