एजबेस्टन में चमके आकाश दीप: पहले ही टेस्ट में 10 विकेट लेकर रचा इतिहास, दिग्गजों को छोड़ा पीछे
भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में ऐसा प्रदर्शन किया, जो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद किया जाएगा। जसप्रीत बुमराह की जगह प्लेइंग 11 में शामिल किए गए आकाश ने अपने पहले ही इंग्लैंड दौरे पर खुद को साबित करते हुए 10 विकेट झटके और टीम इंडिया की 336 रनों से ऐतिहासिक जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
मैच की पहली पारी में उन्होंने 4 विकेट लिए, लेकिन असली कहर दूसरी पारी में देखने को मिला, जब उन्होंने 6 विकेट लेकर इंग्लिश बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। इसी के साथ आकाश दीप एजबेस्टन के मैदान पर टेस्ट मैच की चौथी पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले पहले विदेशी तेज गेंदबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस के नाम था, जिन्होंने 2019 में 32 रन देकर 4 विकेट लिए थे।
आकाश ने इस पारी में 99 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि पूरे मैच में उन्होंने 187 रन देकर 10 विकेट अपने नाम किए। उनका यह प्रदर्शन न केवल व्यक्तिगत रूप से विशेष रहा, बल्कि उन्होंने 49 साल पुराने वेस्टइंडीज के दिग्गज माइकल होल्डिंग के रिकॉर्ड की भी बराबरी की। साल 1976 में होल्डिंग ने इंग्लैंड की चौथी पारी में टॉप-5 बल्लेबाजों में से चार को आउट किया था, और अब यही कारनामा आकाश दीप ने दोहराया है।
विदेशी तेज गेंदबाजों में एजबेस्टन टेस्ट की चौथी पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों की सूची में आकाश दीप सबसे ऊपर आ गए हैं। इस सूची में अब उनके बाद पैट कमिंस, वसीम अकरम, इमरान खान और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गजों के नाम दर्ज हैं। आकाश ने इस ऐतिहासिक पारी से यह साफ कर दिया कि वह भविष्य में भारतीय पेस अटैक की मजबूत कड़ी बन सकते हैं। पूरे क्रिकेट जगत में उनके इस प्रदर्शन की प्रशंसा हो रही है और उन्हें भारत की नई गेंदबाजी सनसनी के रूप में देखा जा रहा है।
Share this content:
