हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश ने मचाया कहर, दो हफ्ते में 45 से ज्यादा मौतें, कई लापता, IMD का फिर अलर्ट जारी
देश के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले दो हफ्तों में हिमाचल में 43 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 37 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। इसी बीच उत्तराखंड के भीमताल में एक उफनती झील में भारतीय वायुसेना के दो कर्मी डूब गए।
हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले में सबसे अधिक तबाही हुई है, जहां 17 लोगों की मौत हुई और 31 लोग लापता हैं। मंडी जिले में एक साथ 10 भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ की घटनाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया है। बारिश की वजह से राज्य को अब तक 5000 करोड़ रुपये से ज्यादा का आर्थिक नुकसान हुआ है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम कई प्रभावित गांवों में फंसे 65 लोगों को बचाने में जुटी हुई है। भारी बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और नदियां उफान पर हैं, जिससे गांवों का संपर्क कट गया है। 150 से अधिक मकान, 106 पशुशालाएं, 31 वाहन, 14 पुल और कई सड़कें तबाह हो चुकी हैं। साथ ही, 164 मवेशी भी मौत के शिकार हुए हैं। प्रभावित इलाकों में पांच राहत शिविर बनाए गए हैं, जिनमें 402 लोग सुरक्षित हैं।
मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर फिर से अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है ताकि और अधिक जानमाल का नुकसान रोका जा सके।
इस बीच ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भी बारिश के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे वहां की जल निकासी व्यवस्था चरमरा गई है।
Share this content:
