Microsoft में फिर बड़ी छंटनी: 9,000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी, सालभर में 15,000 से ज्यादा की गई कटौती
टेक जगत की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने एक बार फिर बड़ी छंटनी का ऐलान किया है। कंपनी अब 9,000 और कर्मचारियों को नौकरी से निकालने जा रही है, जो इसके कुल वर्कफोर्स का लगभग 4% हिस्सा है। इससे पहले 2025 के शुरुआती महीनों में ही कंपनी 6,000 लोगों को बाहर का रास्ता दिखा चुकी है। यानी कुल मिलाकर 2025 में अब तक 15,000 से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी जा चुकी है।
ऑपरेशनल एफिशिएंसी सुधारने के नाम पर लिया गया फैसला
माइक्रोसॉफ्ट के प्रवक्ता ने इस छंटनी की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कदम संगठनात्मक बदलावों और संचालन को अधिक कुशल बनाने की रणनीति का हिस्सा है। इसके तहत कंपनी विभिन्न डिपार्टमेंट्स, लोकेशन्स और लेवल्स पर छंटनी कर रही है। प्रवक्ता ने कहा, “आज के तेज़ी से बदलते बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि हमारी टीमें और संरचना इस दिशा में तैयार हों।”
किन विभागों पर सबसे ज़्यादा असर?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार की छंटनी का सबसे गहरा असर कंपनी की सेल्स टीम पर पड़ने जा रहा है। इसके अलावा Xbox और अन्य डिवीज़न के कर्मचारी भी प्रभावित होंगे। जानकारों का मानना है कि यह छंटनी माइक्रोसॉफ्ट के वार्षिक आंतरिक पुनर्गठन (जून के अंत में) का हिस्सा है, जो कंपनी हर साल अपने फाइनेंशियल ईयर क्लोजिंग के बाद करती रही है।
2023 की छंटनी से भी बड़ी है ये कटौती
गौरतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट ने साल 2023 में भी 10,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी। लेकिन 2025 की कटौती उस रिकॉर्ड को भी पार कर गई है। इस साल जनवरी, मई और जून में अलग-अलग चरणों में पहले ही 6,000 से ज्यादा लोगों को बाहर किया गया था, और अब जुलाई में एक झटके में 9,000 और कर्मचारियों को निकालने का फैसला लिया गया है।
छंटनी के बाद कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या अब करीब 2,19,000 रह जाएगी। ऐसे में टेक इंडस्ट्री में छंटनी का यह दौर और भी तेज़ होता दिखाई दे रहा है, जो आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसरों पर असर डाल सकता है।
Share this content:
