April 18, 2026

इंस्टाग्राम पर विवादित पोस्ट के चलते राजा रघुवंशी की बहन पर FIR, माफी के बावजूद पुलिस ने लिया एक्शन

राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब उनकी बहन सृष्टि रघुवंशी पर भी कानून का शिकंजा कस गया है। असम पुलिस ने सृष्टि के खिलाफ इंस्टाग्राम पर विवादित बयान देने के मामले में FIR दर्ज की है। राजा की मौत के बाद सृष्टि ने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट की थीं, जिनमें उसने दावा किया था कि राजा को गुवाहाटी टोने-टोटके और नरबलि के लिए ले जाया गया था। इन पोस्ट्स को लेकर गुवाहाटी पुलिस ने आपत्ति जताई और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मामला दर्ज किया।

पुलिस ने सृष्टि को नोटिस भेजकर गुवाहाटी बुलाया है और जांच के सिलसिले में उससे पूछताछ करने की बात कही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सृष्टि के बयान को क्षेत्रीय और भाषाई विवाद को भड़काने वाला माना गया है। हालांकि सृष्टि पहले ही सोशल मीडिया पर अपने बयानों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुकी है, लेकिन पुलिस ने इसे पर्याप्त नहीं माना और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवार अब सोनम के भाई गोविंद पर भी शक जता रहा है। विपिन ने गोविंद के नार्को टेस्ट की मांग करते हुए कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो वे इसके लिए सुप्रीम कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाएंगे। उनका दावा है कि यह पूरा मामला नरबलि से जुड़ा है और इसमें सोनम ही नहीं, बल्कि उसका पूरा परिवार शामिल है। उन्होंने सोनम, राज, गोविंद और देवीसिंह सभी के नार्को टेस्ट की मांग रखी है।

यह केस अब धार्मिक, सामाजिक और कानूनी पहलुओं को छूता हुआ गहराता जा रहा है, और आने वाले दिनों में इसमें और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!