April 18, 2026

उत्तराखंड में 30 जून और 1 जुलाई को रेड अलर्ट, कई राज्यों में अगले 7 दिन भारी बारिश की चेतावनी

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। खासकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लिए 30 जून और 1 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर, मध्य भारत और पूर्वोत्तर राज्यों समेत कई हिस्सों में अगले 7 दिनों तक लगातार बारिश की संभावना है।

देशभर में कहां कैसा रहेगा मौसम?
29 जून को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकतर हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और पूर्वोत्तर राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड और यूपी के लिए रेड अलर्ट
उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 30 जून और 1 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके मद्देनज़र मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और भूस्खलन की संभावना भी बनी हुई है।

मध्य भारत में 2 और 3 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान
2 और 3 जुलाई को ओडिशा, मध्य प्रदेश और आसपास के राज्यों में भी भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम विभाग के मुताबिक, 4 और 5 जुलाई को देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सामान्य रहेगी और किसी असामान्य मौसम प्रणाली के सक्रिय होने की संभावना नहीं है।

हिमाचल में बारिश से 17 मौतें, 38 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में मानसून के आगमन के बाद बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें अचानक आई बाढ़, डूबने, करंट लगने और अन्य कारण शामिल हैं। राज्य में अभी 38 सड़कें बंद हैं, जिनमें सबसे ज़्यादा रास्ते कुल्लू और मंडी जिलों में प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और कुछ हिस्सों में फ्लैश फ्लड की आशंका जताई है।

राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून की एंट्री बाकी
देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है, लेकिन राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी इलाके अभी भी इससे अछूते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में मानसून शेष बचे क्षेत्रों में भी पहुंच जाएगा, जिससे पूरे देश में मानसून सक्रिय हो जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!