April 17, 2026

मेरठ में सिरफिरे आशिक का आतंक: तीन बार तुड़वाया निकाह, एडिटेड अश्लील वीडियो बनाकर कर रहा ब्लैकमेल, घर जाकर की मारपीट

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर से एक बार फिर महिला उत्पीड़न की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित माधवपुरम कॉलोनी की रहने वाली एक युवती ने पड़ोस में रहने वाले सिरफिरे युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी आबिद नामक युवक पिछले काफी समय से उसे परेशान कर रहा है, निकाह के लिए दबाव बना रहा है, और जबरदस्ती उसकी जिंदगी में दखल दे रहा है।

युवती ने बताया कि आबिद की उनके पड़ोस में आना-जाना था, जहां से दोनों में जान-पहचान हुई थी। पहले तो बात सामान्य रही, लेकिन कुछ समय बाद आरोपी ने बुरी नीयत दिखानी शुरू कर दी। जब युवती ने संबंध से इनकार किया और दूसरी जगह निकाह के रिश्ते स्वीकारने शुरू किए, तो आरोपी ने उसकी जिंदगी में ज़हर घोलना शुरू कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि आबिद अब तक तीन बार उसका रिश्ता तुड़वा चुका है। जब भी कोई रिश्ता तय होता है, वह लड़के या उसके परिजनों को फोन कर झूठी अफवाहें फैला देता है। युवती ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी एक अच्छा रिश्ता आया था, लेकिन आरोपी ने उस लड़के का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उसके पास गंदे मैसेज भेजकर युवती को बदनाम कर दिया। इसके बाद वह रिश्ता भी टूट गया।

सबसे हैरान कर देने वाला आरोप यह है कि आबिद ने युवती की कुछ सामान्य वीडियो क्लिप्स को गलत तरीके से एडिट कर अश्लील बना दिया है और अब वह उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। युवती ने कहा कि यह मानसिक प्रताड़ना अब हद से पार हो चुकी है।

बीते शुक्रवार को आरोपी ने सारी सीमाएं लांघ दीं। वह युवती के घर पहुंचा और वहां मारपीट करने लगा। चीख-पुकार सुनकर परिवार और पड़ोसियों ने हस्तक्षेप किया, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था।

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई और एसएसपी कार्यालय में जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने आरोपी आबिद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स की जांच भी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह घटना महिला सुरक्षा को लेकर फिर एक बार सवाल खड़े कर रही है कि किस तरह कुछ सिरफिरे अपनी ज़िद और जुनून में महिलाओं की जिंदगी को नर्क बना रहे हैं। पीड़िता और उसका परिवार अब आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है ताकि उसे इंसाफ मिल सके और वह चैन से अपनी जिंदगी आगे बढ़ा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!