MLC 2025: निकोलस पूरन का शतक पड़ा फीका, शिमरोन हेटमायर ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर सिएटल ओर्कास को दिलाई रिकॉर्ड जीत
मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 का 18वां मुकाबला एक रोमांचक थ्रिलर साबित हुआ, जहां रनों की बरसात के बीच वेस्टइंडीज के दो दिग्गज आमने-सामने थे — एमआई न्यूयार्क के कप्तान निकोलस पूरन और सिएटल ओर्कास के फिनिशर शिमरोन हेटमायर। पूरन ने जहां शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया, वहीं हेटमायर ने चोट के बावजूद अंतिम गेंद पर छक्का मारकर मैच को पलट दिया और सिएटल को तीन विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।
डलास के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में कुल 475 रन बने और 11 विकेट गिरे। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई न्यूयार्क ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 237 रन बनाए। पूरन ने 60 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 8 छक्के शामिल थे। उनके साथ तजिंदर सिंह ने भी आतिशी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में 95 रन बनाए। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 158 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सिएटल ओर्कास को अंतिम ओवर में 9 रनों की जरूरत थी। पोलार्ड की पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं बना, तीसरी पर जसदीप सिंह ने सिंगल लिया और हेटमायर स्ट्राइक पर आए। चौथी गेंद डॉट रही, पांचवीं पर उन्होंने दो रन लिए और अंतिम गेंद पर 6 रनों की दरकार थी। IPL में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने वाले हेटमायर ने स्क्वॉयर लेग के ऊपर से छक्का ठोककर मैच खत्म कर दिया।
हेटमायर ने 40 गेंदों पर 9 छक्कों और 4 चौकों की मदद से नाबाद 97 रन बनाए। वहीं, कप्तान सिकंदर रजा ने महज़ 9 गेंदों में 30 रन जड़कर पारी को गति दी। एमआई न्यूयार्क के लिए ट्रेंट बोल्ट ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए, लेकिन अंत में उनकी कोशिश भी काम न आई।
इस हार के साथ ही निकोलस पूरन की मेहनत और उनका बेहतरीन शतक व्यर्थ चला गया। सिएटल ओर्कास की यह पहली जीत थी, जिसने टीम को आत्मविश्वास दिया और अंक तालिका में भी उसे नई ऊर्जा दी। यह मुकाबला न सिर्फ MLC के इतिहास में बल्कि टी20 क्रिकेट के बेहतरीन फिनिश में भी गिना जाएगा।
Share this content:
