April 18, 2026

MLC 2025 में सिएटल ओर्कास में भूचाल: कोच के बाद अब कप्तान ने छोड़ी जिम्मेदारी, फिर टीम ने दर्ज की पहली जीत

मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 सीज़न में सिएटल ओर्कास की टीम में बड़ा उथल-पुथल देखने को मिला है। पहले टीम ने अपने हेड कोच मैथ्यू मॉट को बीच सीज़न में पद से हटा दिया और अब कप्तान हेनरिक क्लासेन ने भी अपनी कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। क्लासेन ने ये फैसला एमआई न्यू यॉर्क के खिलाफ मुकाबले से ठीक पहले लिया, जब उनकी कप्तानी में टीम लगातार पांच मैच हार चुकी थी।

क्लासेन के हटने के बाद टीम की कमान जिम्बाब्वे के अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा को सौंपी गई, और कप्तान बदलते ही टीम की किस्मत भी बदल गई। रजा की अगुआई में सिएटल ओर्कास ने सीजन की पहली जीत दर्ज की। एमआई न्यू यॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 237 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें निकोलस पूरन के नाबाद 108 और तजिंदर सिंह के 95 रन शामिल थे।

लेकिन ओर्कास ने इस लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक अंदाज़ में जीत हासिल की। शिमरॉन हेटमायर ने 40 गेंदों पर 97 रन की नाबाद पारी खेली और आखिरी गेंद पर छक्का मारकर टीम को जीत दिलाई। कप्तान सिकंदर रजा ने भी 30 रन बनाए, जबकि क्लासेन ने बल्ले से 26 रनों का योगदान दिया।

कोच मैथ्यू मॉट को हटाने के फैसले को टीम प्रबंधन ने ‘रणनीतिक मतभेदों’ का परिणाम बताया था। क्लासेन के इस्तीफे के बाद अब नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या सिकंदर रजा की अगुवाई में टीम अपने बचे हुए मुकाबलों में प्लेऑफ की राह बना पाएगी या नहीं। अभी सिएटल ओर्कास अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और उसे अगले मुकाबलों में लगातार जीत की जरूरत है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!