वाराणसी: मालवीय प्रतिमा के कंधे पर चढ़ा युवक, वीडियो वायरल होने पर BHU छात्रों का गुस्सा भड़का; प्रशासन ने दी सफाई

वाराणसी | 26 जून 2025 — वाराणसी के लंका इलाके में स्थित महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा के साथ की गई एक हरकत ने गुरुवार को शहरभर में विवाद खड़ा कर दिया। बुधवार रात सोशल मीडिया पर मात्र 9 सेकंड का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक महामना की प्रतिमा के कंधे पर चढ़ा नजर आ रहा है और उसके पास ही एक अन्य युवक खड़ा है। यह दृश्य देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया, खासकर बीएचयू (BHU) छात्रों में।

वीडियो में यह साफ नजर आ रहा है कि राहगीर युवक को समझा रहे हैं कि वह ऐसा न करे, क्योंकि यह आचरण महामना का अपमान है। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सिर्फ एक प्रतिमा का नहीं बल्कि महामना और उनके विचारों का अपमान है। कुछ ने इसे बीएचयू की गरिमा के खिलाफ बताया और तुरंत कार्रवाई की मांग की।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है, और दोनों युवकों की पहचान कर उन पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, गुरुवार को प्रशासन की ओर से एक पत्र जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि यह कार्य वीडीए (वाराणसी विकास प्राधिकरण) द्वारा कराया जा रहा था और युवक प्रतिमा की सफाई कर रहा था। हालांकि, छात्रों ने इस पर सवाल उठाया कि कोई सफाईकर्मी आखिर मोबाइल लेकर कंधे पर क्यों चढ़ेगा?

फिलहाल वीडियो की प्रामाणिकता, युवकों की मंशा और प्रशासन की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन पूरे वाराणसी में यह मामला आस्था और प्रतिष्ठा से जुड़कर भावनात्मक रूप ले चुका है। बीएचयू प्रशासन और स्थानीय पुलिस पर अब मामले को गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ रहा है।

Share this content:

About The Author

You may have missed