April 18, 2026

ऑनलाइन गेम में हारने पर बहू ने की घर की तिजोरी से 40 तोला सोने की चोरी, पुलिस ने किया खुलासा

राजस्थान के डूंगरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेम की लत ने एक बहू को चोर बना दिया। डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने गेम खेलते हुए अपने सारे पैसे गंवा दिए। जब नुकसान की भरपाई मुश्किल हुई तो उसने अपने ही घर की तिजोरी से 40 तोला सोना चुरा लिया।

थानाधिकारी तेजकरण ने जानकारी देते हुए बताया कि हथाई गांव निवासी एक व्यक्ति ने 19 जून को थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 18 जून को उसकी पत्नी मायके गई थी और वह खुद डूंगरपुर घुटनों का इलाज कराने गया था। घर पर केवल उसका बेटा और बहू मौजूद थे। जब वह अगली सुबह लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी से 40 तोला सोना गायब था। बहू और बेटे ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो संदेह की सुई बहू पर आकर टिक गई। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो बहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह ऑनलाइन गेम्स की आदी है और गेम में हारने पर भारी नुकसान हुआ था। इसी नुकसान की भरपाई के लिए उसने चोरी की योजना बनाई। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!