April 18, 2026

श्रद्धांजलि: भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच में खिलाड़ियों ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के शहीदों और क्रिकेट जगत के दिग्गजों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भावुक माहौल देखने को मिला। खेल के पहले दिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपने बांहों पर काली पट्टी बांधकर अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस संवेदनशील क्षण ने मैच को केवल खेल का मैदान नहीं बल्कि मानवता का एक भावपूर्ण मंच बना दिया।

इसके बाद, खेल के तीसरे दिन क्रिकेट की दुनिया के एक और दिग्गज की दुखद खबर आई। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर डेविड ‘सिड’ लॉरेंस का निधन हो गया। उनकी याद में भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने काली पट्टी पहनी और मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

खेल के चौथे दिन के समाप्त होते ही भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी दुःखद खबर आई। भारत के पूर्व बाएं हाथ के प्रमुख स्पिनर दिलीप दोषी का हृदय रोग के कारण लंदन में निधन हो गया। 1980 के दशक में अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले दिलीप दोषी भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन स्पिन गेंदबाजों में गिने जाते थे। लंबे समय से लंदन में रह रहे दिलीप दोषी के निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी याद में शोक व्यक्त किया और क्रिकेट परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!