April 18, 2026

क्रिकेट में गदर मचा रहा ये खिलाड़ी, तैराक पत्नी भी नहीं किसी से कम – दोनों ने दिखाया जलवा

अमेरिका में चल रही मेजर लीग क्रिकेट (MLC 2025) में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मैथ्यू शॉर्ट ने अपनी तूफानी बल्लेबाज़ी से हर किसी को चौंका दिया है। वह लगातार दो मुकाबलों में छक्के-चौकों की बरसात कर टीम को जीत दिला रहे हैं। खास बात ये है कि उनकी पत्नी मैडी विल्सन भी अपने खेल में किसी हीरो से कम नहीं हैं। वह ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीत चुकी एक चैंपियन स्विमर हैं।

मैथ्यू शॉर्ट फिलहाल सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के कप्तान हैं और हाल ही में उन्होंने मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क के खिलाफ 43 गेंदों में 91 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 छक्के और 9 चौके जड़े और 211 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी पारी के दम पर टीम ने 246 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में एमआई न्यूयॉर्क सिर्फ 199 रन बना सकी और मैच 47 रन से हार गई।

इससे पहले अपने पहले मैच में शॉर्ट ने टेक्सस सुपर किंग्स के खिलाफ 61 रन की तेज़तर्रार पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 4 छक्के और 6 चौके लगाए थे। अब तक दो मैचों में वो 152 रन बना चुके हैं और उनकी स्ट्राइक रेट 200 से ज्यादा की रही है। दोनों ही मैचों में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

वहीं उनकी पत्नी मैडी विल्सन तैराकी की दुनिया में बड़ा नाम हैं। उन्होंने 2016 और 2020 ओलंपिक में 2 गोल्ड सहित कुल 4 मेडल जीते हैं। यानी पति-पत्नी दोनों ही अपने-अपने खेल के सुपरस्टार हैं। एक मैदान पर धूम मचा रहा है तो दूसरी पानी में दुनिया को पछाड़ चुकी है।

मैथ्यू शॉर्ट और मैडी विल्सन की जोड़ी इस समय खेल जगत की सबसे चर्चित और प्रेरणादायक जोड़ियों में से एक बन गई है। एक तरफ जहां बल्लेबाज़ी में रिकॉर्ड बन रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ओलंपिक इतिहास भी रचा जा चुका है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!