April 18, 2026

सीजफायर ने दी शेयर बाजार को रफ्तार, सेंसेक्स 1100 अंक उछला

ईरान और इज़राइल के बीच युद्धविराम की घोषणा होते ही भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखी गई। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दोनों देशों के बीच सीजफायर की पुष्टि करने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी ने रॉकेट की तरह छलांग लगाई।

कारोबार की शुरुआत में ही सेंसेक्स 82,534.61 के स्तर पर खुला और कुछ ही देर में 1100 अंक चढ़कर 82,835.39 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। इसी तरह, निफ्टी 25,179.90 पर खुला और 25,250.85 तक पहुंच गया। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखी गई।

इस तेजी की दो प्रमुख वजहें सामने आईं। पहली, ईरान-इज़राइल के बीच सीजफायर की घोषणा ने वैश्विक बाजार में सकारात्मक माहौल बना दिया। दूसरी, ब्रेंट क्रूड की कीमत में लगभग 3% की गिरावट आई, जिससे भारतीय बाजार को राहत मिली। कच्चे तेल का दाम घटकर 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है।

शेयर बाजार में सभी प्रमुख सेक्टर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स की लिस्टेड कंपनियों में अडानी पोर्ट्स, एलएंडटी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई। वहीं एनटीपीसी और बीईएल जैसे कुछ सरकारी शेयर मामूली गिरावट में देखे गए।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!