अहमदाबाद विमान हादसे में अब तक 247 शवों की पहचान, फिल्ममेकर महेश जीरावाला का शव परिजनों को सौंपा गया
अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया के दर्दनाक विमान हादसे के बाद मृतकों की पहचान के लिए चल रही डीएनए जांच में अब तक 247 शवों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 232 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं, जबकि कुछ मामलों में डीएनए नमूनों का मिलान न होने पर वैकल्पिक सैंपल लिए जा रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में गुजराती फिल्म निर्माता महेश जीरावाला भी शामिल हैं, जिनकी पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए हुई। इसके बाद उनका शव परिवार को सौंप दिया गया।
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, इन 247 में से 187 भारतीय, 52 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल हैं। शनिवार शाम तक मृतकों के परिजनों से संपर्क कर शवों को सौंपने की प्रक्रिया जारी रही। कुछ मामलों में डीएनए सैंपल मेल न खाने के कारण दोबारा जांच की जा रही है।
महेश जीरावाला का परिवार हादसे के बाद से उन्हें लापता मानकर इंतजार कर रहा था, लेकिन डीएनए रिपोर्ट के बाद उनके निधन की पुष्टि हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे के वक्त जीरावाला अपने दोपहिया वाहन पर उसी रास्ते से गुजर रहे थे, जहां लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-171 का मलबा गिरा। उनके जले हुए स्कूटर के अवशेष और इंजन नंबर भी उनके दस्तावेजों से मेल खा गए। घटना के तुरंत बाद से उनका फोन स्विच ऑफ था और वे घर नहीं लौटे थे।
यह हादसा 12 जून को हुआ जब अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ समय बाद ही क्रैश होकर बीजे मेडिकल कॉलेज और सिविल अस्पताल के हॉस्टल भवन से टकरा गई। हादसे में कुल 275 लोगों की मौत हुई, जिनमें विमान में सवार 241 लोग, हॉस्टल के निवासी और आसपास के अन्य 34 लोग शामिल हैं। यह अब तक का सबसे भयावह विमान हादसा माना जा रहा है, जिसने कई परिवारों को गहरा शोक दे दिया है।
Share this content:
